नोएडा: सेक्टर-75 के सेंट्रल पार्क में छठ पूजा महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन, छठ घाट का निर्माण कार्य जोरों पर

नोएडा।लोकसत्य।

श्री सूर्यदेव पूजा समिति, सेक्टर-75, नोएडा द्वारा लोक आस्था, श्रद्धा एवं सूर्योपासना के महापर्व श्री छठ पूजा महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन 13 से 16 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इस अवसर पर गोल्फ सिटी प्लॉट-8 एवं पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी के बीच स्थित सेंट्रल पार्क, सेक्टर-75 में श्रद्धालु भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार तथा समाज की सुख-शांति, आरोग्य एवं समृद्धि की कामना करेंगे।

श्री सूर्यदेव पूजा समिति नोएडा एवं अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति एवं लोक आस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता, पवित्रता, अनुशासन, त्याग एवं समर्पण का संदेश देता है। छठव्रती पूर्ण श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ कठिन व्रत रखकर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं तथा छठी मैया से परिवार एवं समाज के कल्याण की प्रार्थना करते हैं।

डॉ. शर्मा के अनुसार शुक्रवार 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ महापर्व का शुभारंभ होगा। शनिवार 14 नवंबर को खरना एवं लोहंडा का आयोजन होगा। इस दिन खरना की पूजा एवं प्रसाद ग्रहण करने के पश्चात व्रती लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प निभाएंगे। रविवार 15 नवंबर को सायंकाल छठ घाट पर अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को प्रथम अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। सोमवार 16 नवंबर को प्रातःकाल उदीयमान भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात व्रती पारण करके चार दिवसीय छठ पूजा व्रत का समापन करेंगे।

डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर और व्यवस्थित पूजा व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए सेक्टर-75 स्थित सेंट्रल पार्क में 60 फीट लंबा एवं 30 फीट चौड़ा छठ घाट का निर्माण कराया जा रहा है। घाट का निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है और इसे दीपावली से पूर्व पूरा कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करना भी है। छठ महापर्व समाज के सभी वर्गों को आस्था और भक्ति के सूत्र में जोड़ता है तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराने का अवसर प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *