नोएडा:सेक्टर 148-150 को जोड़ेगा नया फ्लाईओवर, नोएडा प्राधिकरण ने तैयार की 84 करोड़ की डीपीआर

नोएडा। लोकसत्य।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर 148 और सेक्टर 150 को सीधी तथा समर्पित सड़क सुविधा देने के लिए नोएडा प्राधिकरण शीघ्र ही एक ग्रेड सेपरेटर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू करने जा रहा है। प्राधिकरण ने इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली है, जिसे तकनीकी जांच के लिए आईआईटी रुड़की भेजा जा रहा है।

डीपीआर के अनुसार, फ्लाईओवर नेटवर्क आर्क टाइप ब्रिज के रूप में बनाया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 610 मीटर और चौड़ाई 9.5 मीटर होगी। मुख्य स्पैन 65 मीटर का होगा, जिसमें कोई मध्यवर्ती या केंद्रीय सहारा नहीं रहेगा। पहुंच मार्गों और रैंपों की कुल लंबाई 545 मीटर होगी। परियोजना की अनुमानित लागत 84.16 करोड़ रुपये है और इसे लगभग 18 माह में पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

यह फ्लाईओवर दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के अन्य क्षेत्रों से आने वाले यातायात को सेक्टर-150 तथा आसपास के सेक्टरों तक सीधे पहुंचाने में मदद करेगा। प्राधिकरण का मानना है कि इससे यातायात सुगम होगा और दोनों सेक्टरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। आईआईटी रुड़की से डीपीआर की जांच रिपोर्ट आने के बाद निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *