ब्रेकिंग न्यूज़: ग्रेटर नोएडा में पुलिस का एक्शन: 55 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, कार बरामद, बरामद माल की कीमत 55 लाख रुपये

-स्वाट टीम और बिसरख थाने की कार्रवाई

ग्रेटर नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।

कमिश्ररेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की स्वाट टीम और थाना बिसरख पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 55 किलो 124 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली कार बरामद की गई है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सूचना पर 9 नवंबर को कार्रवाई करते हुए गोल्डन ग्राण्ड रोड पर एक निर्माणाधीन बिल्डिंग से आलम खान (30), वसीम (26) और लक्ष्य राठौर (19) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से हुंडई एसेंट कार (रजिस्ट्रेशन नंबर DL1RTB7436) और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

तस्करी का तरीका
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीसीपी ने बताया कि आरोपी ओडिशा और अन्य क्षेत्रों से सस्ते दामों पर गांजा लाते थे। इसे विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों के पार्सल पैकेटों में पैक कर कार के जरिए ले जाते और टेलीग्राम ऐप व ऑनलाइन पार्सल के माध्यम से डिमांड पर डोर-टू-डोर बेचते थे।

आरोपियों में आलम खान पुत्र फूल मोहम्मद, निवासी लोनी मुस्तफाबाद, थाना लोनी, गाजियाबाद। उम्र करीब 30 वर्ष, वसीम पुत्र हाजी इस्माईल, निवासी ग्राम रटोल, थाना खेकडा, बागपत। उम्र करीब 26 वर्ष और लक्ष्य राठौर पुत्र रमाकान्त राठौर, निवासी चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-63, गौतमबुद्धनगर। उम्र करीब 19 वर्ष आदि हैं।

डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि इस मामले में थाना बिसरख में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी वसीम पर पहले भी एनडीपीएस के मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *