नोएडा में बर्थडे पार्टी के दौरान मामूली विवाद के बाद खूनी संघर्ष, एक की हत्या एक घायल

नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में जन्मदिन की पार्टी के दौरान मामूली विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र में नया बांस गांव के पास एक पार्क में जन्मदिन मना रहे युवकों और वहां मौजूद दूसरे युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस खूनी संघर्ष में 25 वर्षीय अमित की मौत हो गई, जबकि उसका साथी शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

नोएडा पुलिस के मुताबिक यह घटना 8 और 9 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि की है। नया बांस गांव के पास स्थित एक पार्क में अमित (25 वर्ष), शिवम, यशपाल, आकाश और विनोद सहित कुछ युवक मौजूद थे। ये युवक जब स्कूटी से पार्क से जाने लगे तो उनकी स्कूटी वहां मौजूद एक अन्य युवक के पैर से टकरा गई। बताया गया है कि जिस युवक के पैर में स्कूटी टकराई थी, वह अपने कुछ साथियों के साथ उसी पार्क में अपने एक मित्र का जन्मदिन मना रहा था। स्कूटी की टक्कर को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के युवक आमने-सामने आ गए और उनके बीच मारपीट शुरू हो गई।

सिर पर गंभीर चोट लगने से अमित की मौत
पार्क में हुए इस संघर्ष के दौरान अमित के सिर में गंभीर चोट आई। उसके साथ मौजूद शिवम भी सिर में चोट लगने से घायल हो गया। घटना के बाद अमित और शिवम के दोस्तों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिवम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार घायल शिवम अब खतरे से बाहर है और उसका उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *