-एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र से यूपीएस बैटरियां और मास्टर-की चोरी का मामला
ग्रेटर नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
थाना कासना पुलिस ने एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र, कासना से हुई चोरी का 24 घंटे के अंदर सफल अनावरण कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का पूरा माल समेत अवैध हथियार और घटना में इस्तेमाल हुआ रिक्शा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 7 नवंबर 2026 यानी शनिवार को एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र के उप महाप्रबंधक ने थाना कासना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, केंद्र के 3डी प्रिंटिंग रूम से कई यूपीएस एमेरान क्वांटा बैटरियां और 3डी प्रिंटिंग मशीन की लाइसेंस/मास्टर-की अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी। इस आधार पर थाना कासना में मुकदमा संख्या 223/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
8 नवंबर को थाना कासना की पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—उस्मान अली (20), जौनी (22) और इमान (22)—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर खानपुर रोड स्थित एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र की खिड़की तोड़कर कमरे में घुसकर 28 बैटरियां और एक पैन ड्राइव चोरी की थी। चोरी की बैटरियों को रिक्शा में रखकर एक बंद पड़ी फैक्ट्री में छुपा दिया गया था।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 एमेरान क्वांटा बैटरियां, लाइसेंस/मास्टर-की (पैन ड्राइव के रूप में), दो अवैध चाकू और घटना में इस्तेमाल हुआ रिक्शा बरामद किया ।आरोपियों में उस्मान अली पुत्र साबिर अली, निवासी ग्राम फिरोजपुर (संभल), वर्तमान पता ग्राम लडपुरा, थाना कासना। उम्र 20 वर्ष।
जौनी पुत्र जनक सिंह, निवासी खतौली (मुजफ्फरनगर), वर्तमान पता ग्राम घोड़ी बछेड़ा, थाना दादरी। उम्र 22 वर्ष।
इमान पुत्र इस्लाम, निवासी ओल्ड फरीदाबाद (हरियाणा), वर्तमान पता ग्राम ऐच्छर, थाना बीटा-2। उम्र 22 वर्ष आदि हैं।
तीनों आरोपियों पर पहले से विभिन्न थानों में चोरी, आयुध अधिनियम और अन्य अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
