जेवर/ नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने मंझावली-ग्रेटर नोएडा और जेवर-खुर्जा मार्ग के निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में साफ कहा कि इन मार्गों पर जल्द काम शुरू कराया जाए।
विधायक ने मंझावली से ग्रेटर नोएडा तक बनने वाले संपर्क मार्ग पर विशेष रूप से नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले आठ दिनों के अंदर इस मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला यह मार्ग दोनों प्रदेशों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास के लिए बेहद जरूरी है।इसी बैठक में जेवर-खुर्जा मार्ग का मुद्दा भी उठा। चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए धीरेंद्र सिंह ने अधिकारियों को आठ दिनों के अंदर मार्ग को सुगम और सुरक्षित आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन, व्यापारियों, किसानों और विद्यार्थियों को परेशानी न हो।पीडब्ल्यूडी के अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।
विधायक ने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण काम नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में देरी जनता की अपेक्षाओं के साथ अन्याय है।
