रामायण रिसर्च काउंसिल की बड़ी पहल: प्रेरणादायी महिलाओं को मिलेगा ‘श्रीसीता-सम्मान’, हर जिले तक पहुंचेगा अभियान

नई दिल्ली। नोएडा खबर डॉट कॉम।
छठ पूजा के पावन अवसर पर रामायण रिसर्च काउंसिल ने एक महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत की घोषणा की है। काउंसिल देशभर की प्रेरणादायी महिलाओं को ‘श्रीसीता-सम्मान’ से सम्मानित करेगी और उनके संघर्ष, उपलब्धियों तथा जीवन-गाथाओं को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने के लिए ‘वीर-पुत्री गाथा संरक्षण अभियान’ चलाएगी। इसके साथ ही ‘नारी शक्ति शोध एवं अभिलेखागार’ भी बनाया जाएगा।

इस अभियान की प्रेरणास्रोत 12 वर्षीय श्रीजानकी-कथावाचक वैदेहीनंदन वेदांतजी द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘विदेह की वीर-पुत्री’ है। काउंसिल की योजना है कि इसी पुस्तक को आधार बनाकर ‘भारत की वीर-पुत्री’ शीर्षक से कई संस्करणों में पुस्तकें प्रकाशित की जाएं, जिनमें ऐसी महिलाओं के जीवन-आदर्शों को शामिल किया जाएगा। इन पुस्तकों के प्रकाशन और प्रसार की जिम्मेदारी रामायण पब्लिकेशन को दी गई है।

काउंसिल के महासचिव कुमार सुशांत ने बताया कि कई राज्यों में ‘श्रीसीता-सम्मान’ आयोजित कर इस अभियान को देश के प्रत्येक जिले तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। महिलाओं की प्रेरणादायी गाथाओं का ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से संरक्षण किया जाएगा।

काउंसिल के अध्यक्ष श्री श्री 1008 परमहंस स्वामी सांदीपेंद्र जी महाराज ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनके मार्गदर्शन में बाल-शिष्य वैदेहीनंदन वेदांतजी ने यह पुस्तक लिखी है और अब इसे केंद्र बनाकर बड़ा अभियान शुरू हो रहा है।

बोर्ड ऑफ ट्रस्टी के अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि काउंसिल पहले से देशभर में श्रीजानकी-कथा का आयोजन करती रही है। अब तक 18 कथाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि काउंसिल सीतामढ़ी को शक्ति-क्षेत्र के रूप में विकसित करना चाहती है और इस दिशा में बिहार सरकार ने भूमि भी आवंटित की है।

ट्रस्टी डॉ. देव दत्त शर्मा ने कहा कि छठ के अवसर पर इस अभियान की घोषणा करना शुभ है, क्योंकि माता सीताजी का छठ मैया से गहरा संबंध रहा है।आगामी 14 दिसंबर को श्रीसीता-राम विवाह पंचमी के अवसर पर नई दिल्ली में प्रथम ‘श्रीसीता-सम्मान’ समारोह का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम की संयोजक शालिनी सिंह होंगी।

शालिनी सिंह ने कहा कि बिहार की बहू होने के नाते वे इस पुनीत कार्य में हरसंभव सहयोग देंगी।काउंसिल का मानना है कि यह पहल केवल सम्मान समारोहों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि माता जानकी के आदर्शों और देश की नारी शक्ति को संरक्षित करने वाला एक राष्ट्रीय सांस्कृतिक अभियान बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *