नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
नोएडा के सेक्टर 150 में खुले नाले ने एक बार फिर जान ली। रविवार को सेक्टर-150 के नाले में 58 वर्षीय हाउसकीपिंग कर्मचारी मोहम्मद इस्लाम का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान मोहम्मद इस्लाम पुत्र अजीज के रूप में हुई है।
मोहम्मद इस्लाम मूल रूप से संभल जिले के रजपुरा के रहने वाले थे और वर्तमान में कोंडली गांव में रहते थे। वे सेक्टर-150 स्थित ACE सोसायटी में हाउसकीपिंग का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि इस्लाम शराब पीने के आदी थे। करीब तीन दिन पहले वे शराब पीने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिवार उनकी तलाश कर रहा था। रविवार को नाले में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।
नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले। पुलिस को आशंका है कि शराब के नशे में संतुलन बिगड़ने के कारण मोहम्मद इस्लाम नाले में गिर गए होंगे और डूबने से उनकी मौत हुई। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।
पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है। घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सेक्टर-150 की है। नोएडा में बार-बार खुले नालों में गिरने से होने वाली मौतों पर स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई जा रही है। प्रशासन से नालों की सुरक्षा और रखरखाव सुधारने की मांग उठ रही है। आगे की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
