नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वयं और अपने परिवार की स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अवश्य पूरी करें। जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी ने यह जानकारी दी। स्वगणना में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का क्षेत्रीय कार्य उत्तर प्रदेश में 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक होगा। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण चलेगा। प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए इस बार क्षेत्रीय कार्य से पहले स्वगणना का विकल्प दिया गया है।
आमजन भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर परिवार के किसी एक सदस्य के मोबाइल नंबर से लॉगिन कर सकते हैं। एक ही नंबर से पूरे परिवार का विवरण दर्ज किया जा सकता है। कुल 40 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे, जिनमें आयु, शिक्षा, माता-पिता का विवरण, धर्म, जाति, प्रवास, आधार नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट जैसी जानकारी शामिल है।
स्वगणना आईडी का महत्व
स्वगणना पूरी होने पर परिवार को एक विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना होगा। जब प्रगणक घर आएंगे तो यह आईडी दिखानी होगी। प्रगणक इसी के आधार पर ऑनलाइन जानकारी का सत्यापन करेंगे।
8,000 प्रगणक घर-घर जाएंगे
जनपद में जनगणना के सुचारु संचालन के लिए कुल 12 चार्जों के अंतर्गत लगभग 8,000 प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। प्रगणकों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। प्रशासन ने अपील की है कि प्रगणकों के पहुंचने पर पूर्ण सहयोग दें, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके।विशेष जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न वर्गों को लक्षित कर गतिविधियां चलाई जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक परिवार निर्धारित अवधि में स्वगणना कर सकें।
