डीसीपी नोएडा प्रीति यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 13 अक्टूबर 2026 को द क्रीसेंट अपार्टमेंट, सेक्टर-50 के एक निवासी ने थाना सेक्टर-49 में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने उनके फ्लैट और एक अन्य फ्लैट में ताला तोड़कर चोरी की है। मुकदमा दर्ज होने के बाद चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगभग 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, हाईवे और जनपद की सीमाओं पर लगे कैमरों की जांच की तथा सर्विलांस की मदद से करीब 4000 नंबरों का विश्लेषण किया।गिरफ्तारी और बरामदगी
19 नवंबर 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर मेघदूतम पार्क, सेक्टर-50 के सामने से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी हैं:
- वीरेन्द्र उर्फ सोनू पुत्र सुल्तान सिंह (35 वर्ष), निवासी जहांगीरपुरी, दिल्ली
- सन्नी उर्फ सोनू पुत्र रोशनलाल (39 वर्ष), निवासी आजादपुर/मुकुंदपुर, दिल्ली
- जितेन्द्र मौर्य उर्फ मुन्ना पुत्र स्व. रामविलास मौर्य (31 वर्ष), निवासी मनीपुर मांट, गोण्डा
उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार (रजिस्ट्रेशन DL1RTC6435) सहित दो फर्जी नंबर प्लेट, करीब 100 ग्राम पीली धातु का बिस्कुट (लगभग 16 लाख रुपये), एक गले का हार (लगभग 8.5 लाख रुपये), दो ईयर रिंग्स (लगभग 1.5 लाख रुपये), एक लाख रुपये नकद, एक घड़ी, एक पीली धातु का ब्रेसलेट, करीब 1.9 किलो वजनी सफेद धातु की सिल्ली (लगभग 3.5 लाख रुपये) तथा चोरी में इस्तेमाल किए गए कटर, पेंचकस, प्लास, छैनी, टोपी, हैंड ग्लव्स और मास्क बरामद हुए। इसके अलावा अभियुक्त सन्नी के खाते में घटना से संबंधित 5 लाख रुपये फ्रीज करवाए गए हैं।अपराध का तरीका
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे सोसायटियों में बंद पड़े मकानों की रैकी कर चोरी करते हैं। 11-12 अक्टूबर की रात को नकली नंबर प्लेट लगी कार से नोएडा आए। बारिश का फायदा उठाकर तीन लोग दीवार फांदकर सोसायटी में घुसे, जबकि एक साथी कार में ही रहा। मास्क और कैप लगाकर बंद फ्लैटों का ताला तोड़कर चोरी की और सामने वाले फ्लैट की कुंडी बाहर से लगा दी ताकि कोई बाहर न निकल सके। चोरी के बाद अलग-अलग जगह निकल गए और कुछ दिन बाद सामान बांटा।अभियुक्तों के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में चोरी, डकैती और अन्य गंभीर धाराओं के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उनके अन्य आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।यह कार्रवाई पुलिस की सतर्क निगरानी और तकनीकी जांच का नतीजा है।
