ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से धूल उड़ाने पर दो कंपनियों पर लगाया एक-एक लाख का जुर्माना

ग्रेटर नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई के दौरान धूल उड़ाने की शिकायत पर दो कंपनियों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई की है। कंपनियों को नोटिस जारी कर तीन कार्यदिवस में जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर ब्लैकलिस्ट करने की भी चेतावनी दी गई है।

शहर की सड़कों को धूल-मुक्त बनाने के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें लगाई गई हैं, लेकिन सफाई के दौरान पानी का छिड़काव न किए जाने से मशीनों के पीछे धूल का गुबार उड़ने की शिकायत सोशल मीडिया के जरिए मिली थी। प्राधिकरण ने इस लापरवाही को गंभीरता से लिया और सख्त रुख अपनाया।

स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को मैसर्स एंटनी वेस्ट हैंडलिंग सेल लिमिटेड और मेसर्स यदुवंशी इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किए गए। दोनों कंपनियां ग्रेटर नोएडा में ट्रक-माउंटेड मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के संचालन, रखरखाव और सड़कों की यांत्रिक सफाई का काम कर रही हैं।

नोटिस में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), दिल्ली, CPCB और UPPCB के निर्देशों के तहत सड़कों की सफाई से पहले पानी का छिड़काव और निर्धारित सावधानियां बरतना जरूरी है। इसके बावजूद मशीनों से धूल उड़ने को गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रत्येक कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह राशि आगामी बिलों के भुगतान में कटौती करके वसूली जाएगी।

प्राधिकरण के उपमहाप्रबंधक विजय रावल ने कहा कि प्रदूषण फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति या फर्म पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *