गौतमबुद्ध नगर:विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027: 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने-अपमार्जन हेतु मतदेय स्थलों पर रहेंगे बीएलओ

 नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में डिप्टी कलेक्टर/प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अर्हता तिथि 01.01.2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से संबंधित कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में चार विशेष अभियान की तिथियां यथा-दिनांक 21.11.2026 (शनिवार), 22.11.2026 (रविवार), 28.11.2026 (शनिवार) तथा 29.11.2026 (रविवार) निर्धारित की गई हैं।
अतः जनसामान्य को सूचित किया जाता है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान प्रथम व द्वितीय विशेष अभियान की तिथि दिनांक 21.11.2026 (शनिवार) एवं 22.11.2026 (रविवार) को जनपद-गौतमबुद्धनगर में अवस्थित 61-नोएडा, 62-दादरी एवं 63-जेवर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के समस्त बीएलओ तथा पदाभिहित अधिकारी अपने-अपने मतदेय स्थल पर प्रातः 10:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
17.11.2026 को आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावली में यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह अपने मतदेय स्थल पर उपस्थित होकर बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज के साथ फॉर्म-6 भरकर जमा करा सकते हैं। यदि कोई मतदाता मृतक, डुप्लीकेट व स्थायी रूप से शिफ्ट हो गए हैं तो उनके परिजन फॉर्म-7 भरकर जमा करा सकते हैं।
इसके अतिरिक्त मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों का शुद्धिकरण तथा शिफ्टिंग हेतु फॉर्म-8 भरकर अपने बीएलओ को तथा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध करा सकते हैं। इसी प्रकार उक्त फॉर्मों को ऑनलाइन भी ECINET Mobile App एवं https://voters.eci.gov.in पर भरकर आवेदन किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *