नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एनएमआरसी) ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई सेवाएं 15 अगस्त 2026 से शुरू करने की घोषणा की है।अब एनएमआरसी के सभी 21 मेट्रो स्टेशनों पर नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) से भुगतान की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
एक ही कार्ड से नोएडा मेट्रो, दिल्ली मेट्रो और देश की अन्य मेट्रो रेल में सफर किया जा सकेगा। जहां एनसीएमसी तकनीक लागू है, वहां सिटी बस सेवाओं में भी यह कार्ड मान्य होगा।यात्री अब व्हाट्सऐप के माध्यम से क्यूआर टिकट प्राप्त कर सकेंगे। इससे स्टेशन पर टिकट काउंटरों पर खड़े होने की जरूरत नहीं रहेगी।प्लेटफॉर्म पर नए पैसेंजर इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (पीआईडीएस) भी शुरू किए गए हैं। इनसे आने वाली ट्रेनों के समय की जानकारी यात्रियों को आसानी से मिल सकेगी।
इसके अलावा, नोएडा मेट्रो ने हाल ही में दिल्ली मेट्रो से सीबीटीसी लैब का हैंडओवर लिया है। इस लैब में प्रशिक्षण सिम्युलेटर उपलब्ध है, जिससे ऑपरेटरों और मेंटेनेंस कर्मचारियों को वास्तविक परिचालन वातावरण में प्रशिक्षण मिलेगा। इससे उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ेगी। लैब भविष्य के परियोजना विस्तार में उपकरणों और सॉफ्टवेयर के परीक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे परिचालन जोखिम कम होंगे तथा सिस्टम की उपलब्धता और विश्वसनीयता बढ़ेगी।
