ब्रेकिंग न्यूज़: बुलंदशहर में एसटीएफ-क्राइम ब्रांच की मुठभेड़, दाऊद गैंग का बदमाश नसीम ढेर

 -सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में गोली लगने से घायल नसीम अस्पताल में मरा; यूपी-दिल्ली में हत्या के चार समेत 26 से ज्यादा केस थे
बुलंदशहर। नोएडा खबर डॉट कॉम।
बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र में रात को यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम से बदमाशों की मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नसीम उर्फ रिजवान पुत्र इस्लामिद्दीन उर्फ बुंडू, निवासी मुस्तफाबाद, थाना दयालपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। नसीम डी ग्रुप (दाऊद ग्रुप) का सक्रिय सदस्य था। वह वर्तमान में गाजियाबाद के थाना लोनी में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था और उसके सिर पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा वह दिल्ली से दो हत्या के मामलों में भी वांछित था।नसीम के खिलाफ उत्तर प्रदेश और दिल्ली में हत्या के चार मुकदमों सहित हत्या के प्रयास, एक्सटॉरशन आदि के 26 से अधिक केस दर्ज थे।
पुलिस के अनुसार, उसने छोटा शकील के कहने पर पाकिस्तानी-कैनेडियन मूल के तारिक फतह और तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन को मारने की सुपारी ली थी, लेकिन घटना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया था।नसीम ने दिल्ली के खजूरी खास इलाके में पिछले छह महीनों में दो सनसनीखेज हत्याएं भी की थीं। मुठभेड़ की विस्तृत जानकारी पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से जारी नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *