यमुना सिटी में एयरपोर्ट के निकट लगेंगे तीन बड़े औद्योगिक प्लांट, लगभग 3500 करोड़ का होगा निवेश

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र, जिसे यमुना सिटी के नाम से भी जाना जाता है, में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के निकट तीन प्रमुख कंपनियों को औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए भूमि आवंटित की गई है। ये आवंटन इन्वेस्ट यूपी की अनुशंसा पर किए गए हैं और आवंटन पत्र जल्द जारी होने वाले हैं।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ आर.के. सिंह ने बताया कि ये परियोजनाएं क्षेत्र को औद्योगिक हब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, खासकर जेवर एयरपोर्ट की निकटता से बेहतर लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी मिलने के कारण

एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड को सेक्टर-10 में 154 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां ट्रैक्टर्स एवं कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना में ₹2029 करोड़ का निवेश होगा, जिससे लगभग 4000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार सृजन होगा।

सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (CNH Industrial / New Holland) को सेक्टर-8डी में 100 एकड़ भूमि का आवंटन किया गया है। कंपनी ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्रों की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाएगी, जिसमें ₹1219.81 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है और 1200 व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा।

सुन ऑर्गेनिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-8डी में 30,000 वर्गमीटर (लगभग 7.4 एकड़) भूमि आवंटित की गई है। कंपनी ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग यूनिट स्थापित करेगी, जिसमें ₹225.16 करोड़ का निवेश होगा और 569 लोगों को रोजगार सृजन होगा।

आर.के. सिंह ने कहा कि इन तीन परियोजनाओं से कुल ₹3474 करोड़ (लगभग 3500 करोड़) का निवेश आएगा और 5769 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे। ये निवेश उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नीति और इन्वेस्ट यूपी पहल के अनुरूप हैं, जो राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने पर फोकस कर रही है। जेवर एयरपोर्ट के निकट होने से ये प्लांट्स लॉजिस्टिक्स, निर्यात और सप्लाई चेन में मजबूत स्थिति हासिल करेंगे, जिससे यमुना सिटी तेजी से औद्योगिक विकास की ओर अग्रसर होगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *