खास खबर: सेक्टर-20 नोएडा में शराब के नशे में RWA पदाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार, शिकायत दर्ज; सेक्टर-62 के अध्यक्ष ने भी निंदा की

 नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
सेक्टर-20 के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ गेट नंबर-8 पर शराब के नशे में अभद्र व्यवहार और धमकी देने की घटना सामने आई है। आरडब्ल्यूए ने थाना सेक्टर-20 में शिकायत दर्ज कराई है। घटना की निंदा करते हुए सेक्टर-62 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने भी पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-20 के अनुसार 19 नवंबर 2026 को रात करीब 10 बजे अध्यक्ष हरीश वर्मा, महामंत्री, कोषाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी गेट नंबर-8 पर रात्रि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान F-18 निवासी एक व्यक्ति शराब के नशे में पहुंचा और पदाधिकारियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। उसने “गेट बंद नहीं होने देंगे, जो करना है कर लो” और “देख लेंगे” जैसी धमकी भरी बातें कहीं। इससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
आरडब्ल्यूए ने थाना प्रभारी को पत्र लिखकर बताया कि पदाधिकारी सेक्टर की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरीक्षण कर रहे थे। नशे में गाली-गलौज और धमकी देना न केवल पदाधिकारियों के सम्मान पर हमला है, बल्कि सार्वजनिक शांति में बाधा भी डालता है। आरडब्ल्यूए ने उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सेक्टर-62 के अध्यक्ष का समर्थनसेक्टर-62 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुखदेव शर्मा ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए सेक्टर की सुरक्षा के लिए गेट बंद करने-खोलने जैसे नियम बनाती है, ताकि चोरी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगे। जब चोरी होती है तो पुलिस सबसे पहले आरडब्ल्यूए और गार्डों से सवाल करती है, लेकिन नियमों को लागू करने पर पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार होता है तो यह स्वीकार्य नहीं है।उन्होंने कहा कि कुछ अन्य आरडब्ल्यूए अध्यक्षों ने इस घटना की खुले तौर पर निंदा नहीं की। उन्होंने पुलिस से मांग की कि गाली-गलौज और धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई भी सेक्टर की व्यवस्था बनाने वाले पदाधिकारियों के साथ ऐसा व्यवहार करने का साहस न करे।
आरडब्ल्यूए का कहना है कि उसका मकसद व्यवस्था बनाना है, अराजकता फैलाना नहीं। पुलिस और आरडब्ल्यूए को मिलकर काम करना चाहिए तभी सेक्टर सुरक्षित रह सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *