नई दिल्ली। नोएडा खबर डॉट कॉम।
दिल्ली मेट्रो के फेज-5(B) के तहत एनसीआर में 8 नए मेट्रो रूट बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। इनमें सबसे खास यशोभूमि (द्वारका सेक्टर-25) से गुरुग्राम के राजीव चौक तक सीधी मेट्रो लाइन और नोएडा के लिए मयूर विहार फेज तीन तक के नए रूट भी है।
मिली जानकारी के अनुसार इन आठों रूट को मंजूरी के लिए भेजा गया है। इनमें से सात रूट को दिल्ली सरकार की मंजूरी मिल चुकी है। अब केंद्र सरकार की मंजूरी का इंतजार है। इन सात रूट पर कुल 65 नए स्टेशन बनेंगे।
प्रस्तावित मुख्य रूट इस प्रकार हैं:
ढांसा बस स्टैंड (नजफगढ़) से नांगलोई (11.9 किमी, 9 स्टेशन)
सेंट्रल सेक्रेटेरिएट से किशनगढ़ (15.9 किमी, 10 स्टेशन)
समयपुर बादली से नरेला (12.9 किमी, 8 स्टेशन)
कीर्ति नगर से पालम (9.9 किमी, 6 स्टेशन)
जोर बाग से मीठापुर (लगभग 17 किमी, 12 स्टेशन)
मयूर विहार फेज-3 से शास्त्री पार्क (13.2 किमी, 8 स्टेशन)
केशव पुरम से रोहिणी सेक्टर-34 (16.3 किमी, 12 स्टेशन)
यशोभूमि (द्वारका) से राजीव चौक (गुरुग्राम)
इन रूट से नजफगढ़, नरेला, रोहिणी, पालम और मयूर विहार जैसे इलाकों को बेहतर मेट्रो सुविधा मिलेगी। यशोभूमि-गुरुग्राम रूट से दोनों शहरों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।इसके अलावा फेज-4 और फेज-5(A) के कई काम भी चल रहे हैं। इनमें से कुछ कॉरिडोर 2027 और कुछ 2029-30 तक पूरे होने का लक्ष्य है।केंद्र की मंजूरी मिलने के बाद इन नए रूट पर निर्माण शुरू हो सकेगा। इससे दिल्ली-एनसीआर की मेट्रो कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
