ग्रेटर नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सख्ती शुरू कर दी है। सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को तीनों एसीईओ ने अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों पर धूल मिलने और सफाई में लापरवाही पर दो कंपनियों पर कुल 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एसीईओ प्रेरणा सिंह और एसीईओ सुमित यादव ने डीजीएम विजय रावल और वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर के साथ 130 मीटर रोड पर तिलपता चौक, राइज पुलिस चौकी, ऐस सिटी और चारमूर्ति अंडरपास के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। तिलपता के पास सड़क पर धूल मिलने पर जिम्मेदार फर्म एएसएसएआई पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
गौड़ सिटी और आसपास के इलाकों में धूल मिलने पर एंटनी वेस्ट कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। दोनों कंपनियों से यह राशि आगामी भुगतान से काटी जाएगी।दोनों कंपनियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और मैकेनिकल स्वीपिंग प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में लापरवाही मिलने पर अनुबंध की शर्तों के तहत और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

राइज पुलिस चौकी के आसपास पानी का अधिक छिड़काव कराने के भी निर्देश दिए गए।इससे पहले एसीईओ नुपुर गोयल ने साकीपुर अंडरपास के पास सड़क का निरीक्षण किया। क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही धूल नियंत्रित करने के लिए पानी का छिड़काव बढ़ाने को कहा। उन्होंने सिरसा गोलचक्कर के आसपास भी निरीक्षण कर पानी का छिड़काव बढ़ाने के निर्देश दिए।