नोएडा:पुलिस मुठभेड़ में लूट के दो वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, 1.50 लाख रुपये व हथियार बरामद

नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
थाना फेस-2 पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट की घटना में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 1,50,000 रुपये नकद, अवैध तमंचे और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह के अनुसार 20/21 नवंबर की रात पुलिस टीम गोपनीय सूचना पर NSEZ गंदा नाला पुस्ता रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आए। रोकने पर वे भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग करने लगे।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए। उनकी पहचान आदित्य उर्फ सन्नी उर्फ आदि और नसीम अली उर्फ रियाज के रूप में हुई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में खुलासा
अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने दो साथियों के साथ दिल्ली-एनसीआर में लूटपाट करते हैं। 30 अक्टूबर को नया गांव के पास उन्होंने दो स्कूटी सवारों को तमंचे के बल पर रोका और बैग व चेन लूट ली। बैग में करीब 1.75 लाख रुपये थे। घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल दिल्ली से चोरी की गई थी।दोनों अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास है। बाकी दो साथियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *