ग्रेटर नोएडा वेस्ट की राह में बाधा: हिण्डन पुल पर मरम्मत कार्य शुरू, एक-एक लेन बंद रहेगी, सावधानी बरतें

ग्रेटर नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाले अत्यंत व्यस्त हिण्डन पुल पर सड़क की मैस्टिक (मरम्मत) का कार्य मंगलवार 9 जून से शुरू हो रहा है। पुल की दोनों तरफ सड़क काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही थी।
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यह कार्य चार मूर्ति चौक पर बन रहे अंडरपास के साथ ही पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-7 द्वारा यह मरम्मत कार्य किया जाएगा।
ट्रैफिक व्यवस्था:

  • नोएडा से चार मूर्ति चौक की ओर आने वाली सड़क पर एक-एक लेन बंद करके कार्य किया जाएगा।
  • एक लेन का कार्य पूरा होने के बाद दूसरी लेन पर काम शुरू होगा।
  • सोमवार को इसकी ट्रायल भी किया गया था।
  • पूरा कार्य लगभग डेढ़ महीने में पूरा होने की उम्मीद है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह ने कहा कि मैस्टिक कार्य की बेहद जरूरत को देखते हुए मंगलवार से इसे शुरू किया जा रहा है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि कार्यस्थल पर सावधानी बरतें, गति सीमा का पालन करें और धैर्य रखें।यातायात सलाह:
हिण्डन पुल से गुजरने वाले वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और धीरे चलें। इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा विशेष व्यवस्था की जाएगी।
प्राधिकरण का प्रयास है कि अंडरपास और पुल की मरम्मत कार्य जल्द पूरा करके ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वाले हजारों वाहन चालकों को राहत दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *