ब्रेकिंग न्यूज़: ग्रेटर नोएडा में पुलिस मुठभेड़: 25 हजार का इनामी शातिर बदमाश दीपू उर्फ पप्पू और उसका साथी मोनू घायल, चोरी की बाइक व अवैध तमंचे बरामद

नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।

ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस ने ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान दो शातिर चेन स्नैचर्स से मुठभेड़ कर ली। मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश दीपू उर्फ पप्पू और उसका साथी मोनू दोनों पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे तथा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 15-16 नवंबर 2026 की रात बीटा-2 पुलिस टीम ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। युवक रुकने के बजाय तेजी से भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ आगे जाकर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए।

घायलों की पहचान दीपू उर्फ पप्पू (पुत्र सुरेंद्र, निवासी बडेसरा, थाना पाली मुकीमपुर, जिला अलीगढ़, वर्तमान पता हल्दौनी मोड़, कुलेसरा, थाना इकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर) और मोनू (पुत्र तुलसी, निवासी ग्राम घटकना, थाना मौदहा, जिला हमीरपुर, वर्तमान पता ग्राम भंगेल, थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर) के रूप में हुई है।बरामदगी में सदरपुर, नोएडा से चोरी की एक अपाचे मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस (.315 बोर) मिले हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

दीपू उर्फ पप्पू शातिर चेन स्नैचर है। 7 जून 2026 को उसके साथी राजेंद्र उर्फ लल्लू को छीनी गई चेन के साथ गिरफ्तार किया गया था, लेकिन दीपू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मोनू भी चेन स्नैचिंग के मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। दोनों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, स्नैचिंग, अवैध हथियार और हिंसा के आरोप शामिल हैं।पुलिस बदमाशों के अन्य आपराधिक इतिहास और गैंग के बारे में और जानकारी जुटा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *