नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने और कला को समाजसेवा से जोड़ने के उद्देश्य से नोएडा लोक मंच एवं नोएडा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में ‘नोएडा चित्रकला उत्सव-इंद्रधनुष अंतरविद्यालय प्रतियोगिता, सीजन-5’ का आयोजन 26 नवंबर को शिवालिक पार्क, सेक्टर-33 में किया जाएगा। इस बार लगभग 5,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजन के संबंध में शनिवार को सेक्टर-15 स्थित नोएडा लोक मंच कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें शहर के लगभग 30 पत्रकारों ने भाग लिया। नोएडा लोक मंच की श्रीमती राजेश्वरी त्यागी राजन ने इंद्रधनुष की परिकल्पना और यात्रा के बारे में जानकारी दी, जबकि श्रीमती इंदिरा चौधरी ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता को 9 समूहों में विभाजित किया गया है।इन समूहों में सरकारी स्कूल, बस्ती के स्कूल, पब्लिक स्कूल, सेमी-पब्लिक स्कूल, NGO द्वारा संचालित स्कूल और प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त शिक्षकों के लिए अलग वर्ग तथा इस वर्ष पहली बार वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी एक विशेष श्रेणी रखी गई है। उद्देश्य यह है कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थिति किसी की रचनात्मक प्रतिभा के प्रदर्शन में बाधा न बने।
नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि आयोजन के बाद 500 से अधिक प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। विजेता बच्चों की चयनित कलाकृतियों की विशेष आर्ट गैलरी भी तैयार की जाएगी। इच्छुक कला प्रेमी स्वैच्छिक अनुदान देकर इन कलाकृतियों को प्राप्त कर सकेंगे। प्राप्त राशि का उपयोग जरूरतमंद लोगों की शिक्षा और चिकित्सा सहायता जैसे सामाजिक कार्यों में किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. रामचरण गौड, विभा बंसल, रंजू माथुर, रेनू छिब्बर, मुकुल बाजपेयी सहित अन्य वॉलंटियर्स ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन विनोद पांडेय ने किया। नोएडा लोक मंच ने वरिष्ठ नागरिकों से भी अपील की है कि वे समय निकालकर अपनी कला के माध्यम से इस उत्सव का हिस्सा बनें।कार्यक्रम 26 नवंबर को प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिवालिक पार्क, सेक्टर-33, नोएडा में आयोजित होगा।
