नोएडा: पांच साल के मासूम की घूंसा लगने से मौत, मां की शिकायत पर पिता गिरफ्तार

नोएड़ा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र के ममूरा गांव में शनिवार दोपहर पांच वर्षीय मासूम आकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मां पूजा के आरोप के अनुसार पिता विकास ने कहासुनी के दौरान जमीन पर बैठे बेटे की कमर में जोरदार घूंसा मारा, जिसके बाद बच्चा बेहोश होकर गिर गया और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना एसआरएस अस्पताल के पास गली नंबर-3 में हुई। पूजा मूल रूप से शाहजहांपुर के बड़ा बम्हैरा की रहने वाली हैं और सात बच्चों के साथ ममूरा में रहती हैं। आकाश परिवार का पांचवां बेटा था। परिवार में चार बेटियां और तीन बेटे हैं। पिता विकास मजदूरी करते हैं।पूजा ने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर करीब एक बजे पति घर आए। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान गुस्से में विकास ने जमीन पर बैठे आकाश की कमर में घूंसा मार दिया। घूंसा लगते ही बच्चा बेहोश हो गया।
घर में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि घटना के बाद पिता मौके से भाग गए। पूजा बच्चे को तुरंत नजदीकी एसआरएस अस्पताल ले गईं, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार बच्चे के शरीर पर कोई स्पष्ट चोट का निशान नहीं मिला। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में डर और घबराहट के कारण मौत की आशंका जताई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अंतिम कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद सामने आएगा।
थाना फेस-3 पुलिस ने मां की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और विकास को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने घूंसा मारने के आरोप से इनकार किया है। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों, पड़ोसियों और घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहासुनी का कारण क्या था और घटना किस तरह हुई।
मासूम की मौत की खबर फैलते ही इलाके में मातम पसर गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों में भी सनसनी फैली हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *