-‘कांग्रेस और संघ: एक सिंहावलोकन (1885-1949)’ का 26 नवंबर को विमोचन, दो खंडों में 756 पृष्ठ
नोएडा।नोएडा खबर डॉट कॉम।
जागृति प्रकाशन, नोएडा द्वारा प्रकाशित पुस्तक “कांग्रेस और संघ: एक सिंहावलोकन” का विमोचन 26 नवंबर को होने जा रहा है। दो खंडों में कुल 756 पृष्ठों की यह पुस्तक 1885 (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना) से 1949 (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर से प्रतिबंध हटने) तक की अवधि को एक वैकल्पिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है।
इतिहासकार कृष्णानंद सागर की इस पुस्तक का मुख्य दावा है कि इस कालखंड में भारत में दो समानांतर धाराएँ सक्रिय थीं—एक अंग्रेज-भक्ति की और दूसरी स्वदेश-भक्ति की। लेखक के अनुसार, कांग्रेस का कभी भी ध्येय “देश को अंग्रेजी सत्ता से पूर्णतया मुक्त कराना” नहीं रहा। वह केवल “स्वराज” चाहती थी, जिसका अर्थ ब्रिटिश ताज के अधीन रहते हुए कांग्रेस की सत्ता था।
पुस्तक में कहा गया है कि डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार स्वयं कांग्रेस के नेता थे, लेकिन उन्हें कांग्रेस में यही कमी दिखाई दी कि वह पूर्ण स्वतंत्रता के लिए तैयार नहीं थी। इसलिए उन्होंने हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की।पुस्तक में डॉक्टर हेडगेवार के दो प्रसिद्ध कथनों का उल्लेख है। पहला—“याची देही याची डोला” अर्थात् हम इसी देह और इन्हीं आँखों से देश को स्वतंत्र होते देखेंगे। दूसरा—संघ की सिल्वर जुबली नहीं मनानी है, क्योंकि 25 वर्ष के भीतर ही देश स्वतंत्र हो जाना चाहिए। लेखक का कहना है कि हेडगेवार “अहिंसा” और “हिंदू-मुस्लिम एकता” को हिंदू समाज को दुर्बल बनाने वाला मानते थे और हिंदू समाज में शौर्य, स्वत्व व स्वाभिमान जागृत करना चाहते थे।द्वितीय विश्वयुद्ध (1939) को पुस्तक “स्वर्णिम अवसर” बताती है।
1940 के आरंभ में हेडगेवार ने तीन वर्ष के भीतर गाँवों में एक प्रतिशत और नगरों में तीन प्रतिशत गणवेशधारी स्वयंसेवक बनाने का लक्ष्य रखा था, ताकि 1943-44 में देशव्यापी प्रहार किया जा सके। जून 1940 में हेडगेवार के निधन के बाद गुरु गोलवलकर ने इस कार्य को आगे बढ़ाया और पूर्णकालिक प्रचारकों की संख्या तेजी से बढ़ी।
पुस्तक का दावा है कि इस दौरान श्री गुरु जी और सुभाष चंद्र बोस के बीच संपर्क था तथा योजना थी कि बोस जब आजाद हिंद फौज के साथ बंगाल में प्रवेश करें तो पूरे देश में एक साथ विद्रोह खड़ा कर दिया जाए। लेकिन बोस बंगाल में प्रवेश नहीं कर पाए और योजना अधूरी रह गई।पुस्तक के अनुसार, वायसराय द्वारा जापान और बोस के खिलाफ अंग्रेजों का साथ देने की शर्त पर कांग्रेस नेताओं को वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया और कांग्रेस ने शर्त स्वीकार कर ली। इसका परिणाम भारत का विभाजन, पाकिस्तान का निर्माण, लाखों हिंदुओं का नरसंहार और करोड़ों का विस्थापन रहा।
3 जून 1947 को कांग्रेस द्वारा पाकिस्तान स्वीकार कर लेने के बाद संघ को हिंदू शरणार्थियों की रक्षा के लिए आगे आना पड़ा, जिसमें सैकड़ों स्वयंसेवकों ने बलिदान दिया।पुस्तक में गांधी हत्या के बाद संघ पर लगे प्रतिबंध और 12 जुलाई 1949 को उसके उठने का भी उल्लेख है। लेखक का कहना है कि कांग्रेस ने यह भ्रम फैलाया है कि उसी ने स्वतंत्रता आंदोलन चलाया और उसी के कारण भारत स्वतंत्र हुआ। पुस्तक इसे कांग्रेस के अपने दस्तावेजों के आधार पर खारिज करती है और कांग्रेस को ब्रिटिश सरकार की “मानस पुत्री” बताती है।पुस्तक में कांग्रेस के तीन प्रमुख आंदोलनों पर भी प्रश्न उठाए गए हैं। 1920-21 का असहयोग आंदोलन असल में खिलाफत आंदोलन था, 1930-31 का नमक आंदोलन केवल नमक कर हटाने तक सीमित था, और 1942 का आंदोलन वास्तव में शुरू ही नहीं हो पाया। लेखक का दावा है कि गांधी को ब्रिटिश सरकार ने दक्षिण अफ्रीका से लाया था।प्रकाशक का कहना है कि यह पुस्तक अन्य इतिहास ग्रंथों से अलग है और तथ्यों व दस्तावेजों के आधार पर उस इतिहास को सामने लाती है जिसे अब तक दबाया गया है। पुस्तक पढ़ने के बाद पाठक इतिहास पर पुनर्विचार करने को मजबूर होंगे, ऐसा दावा किया गया है।
