ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में 19 और 20 सितंबर को आयोजित ‘प्रेरणा विमर्श–2026’ के समापन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। 20 सितंबर को शाम 3 से 5:30 बजे तक होने वाले इस समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन भी मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम की थीम ‘उत्कर्ष: नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ है।
प्रेरणा मीडिया शोध संस्थान न्यास, प्रेरणा विमर्श आयोजन समिति और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में यह दो दिवसीय आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में होगा। आयोजकों ने कहा कि देशभर से शिक्षाविद्, पत्रकार, वैज्ञानिक, शोधार्थी, युवा उद्यमी और प्रबुद्धजन इसमें भाग लेंगे।
शुभारंभ 19 सितंबर को दोपहर 3 बजे ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ’ से होगा। 108 हवन कुंडों पर 1,000 से अधिक महिलाएं यजमान बनेंगी। इस सत्र में राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय प्रमुख कार्यवाहिका सीता अन्नदानम मुख्य वक्ता, जिलाधिकारी मेधा रूपम मुख्य अतिथि और प्रेरणा शोध संस्थान न्यास की अध्यक्ष प्रीति दादू अध्यक्षीय अतिथि रहेंगी।
20 सितंबर को सुबह 10 से 12 बजे तक दो समानांतर सत्र होंगे। सभागार-3 में ‘युवा सोच, नया भारत’ विषय पर तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल मीडिया, उद्यमिता और कौशल विकास पर चर्चा होगी। वक्ताओं में डॉ. मयंक अग्रवाल, रंजना राठौड़, साक्षी मिश्र और सईद अंसारी शामिल हैं।
सभागार-2 में ‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ विषय पर संवाद होगा। संचालन दीक्षा कोहली करेंगी। वक्ताओं में नरेंद्र ठाकुर, निवेदिता जोशी, डॉ. रंजना नल्लमल्ली, गौरव सावंत और अनिल त्यागी होंगे।आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि सीटें सीमित हैं, इसलिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य है। प्रवेश केवल पंजीकरण के बाद जारी पास से ही होगा। समापन समारोह के लिए सहभागियों से दोपहर 2 बजे तक सभागार पहुंचने का आग्रह किया गया है।
