नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में तैनात आईपीएस अधिकारी नीतू कादियान का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब गौतमबुद्धनगर (नोएडा) पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। नीतू कादियान को वाराणसी में लोग प्यार से ‘लेडी सिंघम’ कहते थे। उनकी सख्त और बेखौफ कार्यशैली की वजह से उन्हें यह नाम मिला था।
नीतू कादियान 2020 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। वे हरियाणा के झज्जर जिले के आर्यनगर इलाके की रहने वाली हैं। उनका गांव माजरा डी है। उनके पिता किसान हैं और मां सरकारी अस्पताल में ANM के पद पर काम करती हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई की और कॉलेज में टॉपर भी रहीं। बाद में राजनीति शास्त्र में एमए किया। बचपन से उनका सपना आईपीएस बनने का था।
UPSC की परीक्षा में मेहनत के बाद उन्होंने 158वीं रैंक हासिल की और यूपी कैडर में IPS बनीं।साल 2023 में उनकी पहली पोस्टिंग वाराणसी में ACP चेतगंज के रूप में हुई थी। इसके बाद वे ADCP वरुणा जोन, DCP गोमती जोन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहीं। वाराणसी में रहते हुए उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े एक छात्र की गोली मारकर हत्या के मामले में उन्होंने जांच की कमान संभाली। व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा की गारंटी दी और खराब CCTV कैमरों को तुरंत ठीक कराने का सख्त आदेश दिया।
चोरों के गिरोह के खिलाफ ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ जैसी कार्रवाइयां कीं और कई मामलों को जल्दी सुलझाया।उनकी कड़क कार्यशैली और न्यायप्रिय रुख की वजह से आम लोग उन्हें ‘लेडी सिंघम’ कहने लगे। एक बार वकीलों के साथ टकराव भी हुआ था, जिसमें सैकड़ों वकील उनके हटाने की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए थे। इसके बावजूद उन्होंने अपना सख्त रुख नहीं बदला। अब नोएडा में नई जिम्मेदारी संभालते हुए वे अपनी पहचान को और मजबूत करने की कोशिश करेंगी।
