नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YIDA) ने आज जनपद मथुरा की तहसील मांट में अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। यह कार्रवाई मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय कुमार मीणा के निर्देश पर की गई।
अभियान का नेतृत्व उप जिलाधिकारी शिवौतार सिंह, अभिषेक शाही, हरी प्रताप सिंह, कृष्ण गोपाल त्रिपाठी तथा तहसीलदार मनीष सिंह ने किया। इसमें प्राधिकरण के भूलेख विभाग के राजस्व निरीक्षकों व लेखपालों के साथ प्रोजेक्ट विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल रहे। स्थानीय राजस्व एवं प्रवर्तन टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई में भाग लिया।कार्रवाई के दौरान तहसील मांट के अंतर्गत लगभग 09 हेक्टेयर (90,000 वर्ग मीटर) क्षेत्र में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया और संबंधित भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई इस भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 27 करोड़ रुपये आंका गया है।
विशेष रूप से ग्राम पिपरौली बांगर, चुड़ा हंसी और ग्राम सौर की यह भूमि यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में आती है। इस क्षेत्र में प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी हेरिटेज सिटी और राया अर्बन सेंटर परियोजनाओं का विकास प्रस्तावित है। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के सुनियोजित क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि उसके अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अनधिकृत निर्माण या अवैध कॉलोनियों का विकास किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। भविष्य में भी ऐसे प्रभावी प्रवर्तन अभियान निरंतर चलाए जाएंगे और नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में नियोजित विकास सुनिश्चित हो और अधिसूचित भूमि अतिक्रमण मुक्त रहे।