नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में विभिन्न देशों के करीब 40 सिविल सेवकों ने सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में साइबर सिक्योरिटी सेल का भ्रमण किया।
भारत सरकार के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस के क्षमता निर्माण कार्यक्रम के तहत आए प्रतिनिधियों को साइबर अपराध की रोकथाम और तकनीक आधारित पुलिसिंग मॉडल से अवगत कराया गया।
डीसीपी साइबर प्रीति यादव के नेतृत्व में विशेष गोष्ठी हुई। इसमें कमिश्नरेट की साइबर सुरक्षा व्यवस्था, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रयासों की जानकारी दी गई। शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्य, निगरानी, संबंधित एजेंसियों से समन्वय और पीड़ितों को समयबद्ध सहायता की प्रक्रिया बताई गई।प्रतिनिधियों के साथ साइबर अपराध की रोकथाम की बेहतरीन कार्यप्रणालियाँ साझा की गईं।
ऑनलाइन फ्रॉड के बदलते तरीके, डिजिटल माध्यमों से बढ़ती चुनौतियाँ और उनके समाधान पर चर्चा हुई। साइबर जागरूकता अभियान और ऑनलाइन सुरक्षा की सावधानियाँ भी बताई गईं।गोष्ठी में कहा गया कि साइबर अपराध तेजी से बदल रहे हैं, इसलिए आधुनिक तकनीक, डेटा विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्य का उपयोग जरूरी है। विदेशी प्रतिनिधियों ने अपने देशों के अनुभव और चुनौतियाँ साझा कीं। उन्होंने शिकायतों के त्वरित निस्तारण, तकनीकी संसाधनों और जन-जागरूकता के प्रयासों में रुचि दिखाई।
कमिश्नरेट के अनुसार, यह आदान-प्रदान साइबर सुरक्षा में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और बेहतर पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। तकनीक, नवाचार, त्वरित कार्रवाई, जन-जागरूकता और अंतर-एजेंसी समन्वय से साइबर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
