गौतमबुद्ध नगर: मंडलायुक्त ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 की समीक्षा की


-पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाने, कम प्रदर्शन वाले बीएलओ के कार्यों का स्थलीय सत्यापन और 28-29 नवंबर को कंट्रोल रूम से निगरानी के निर्देश
गौतमबुद्धनगर। नोएडा खबर डॉट कॉम।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जनपद गौतमबुद्धनगर में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 अभियान की प्रगति और तैयारियों की समीक्षा के लिए मंडलायुक्त मेरठ मंडल/रोल ऑब्जर्वर भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।बैठक में विधायक दादरी तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचन्द्र शर्मा, जिला अध्यक्ष गौतमबुद्धनगर अभिषेक शर्मा, जिला अध्यक्ष महानगर महेश चौहान, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में नए मतदाताओं के पंजीकरण, दावों-आपत्तियों, ऑफलाइन प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन, डुप्लीकेट प्रविष्टियों के सत्यापन और 28-29 नवंबर के विशेष अभियान दिवसों की तैयारियों की समीक्षा की गई।मंडलायुक्त ने कहा कि अभियान का उद्देश्य हर पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर देना है। उन्होंने अधिकारियों को शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल लक्ष्य तक सीमित न रहें, बल्कि ऐसे हर व्यक्ति तक पहुंचें जिसका नाम अभी सूची में दर्ज नहीं है।उन्होंने राजनीतिक दलों को विधानसभावार और मतदेय स्थलवार बीएलओ की अद्यतन सूची तथा मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने, हेल्पलाइन नंबर 1950 का व्यापक प्रचार करने और डुप्लीकेट प्रविष्टियों का नियमानुसार स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से न काटा जाए।
मंडलायुक्त ने बताया कि अर्हता तिथि 01.01.2027 के आधार पर प्राप्त दावों और आपत्तियों की सूचियां जनपद की वेबसाइट https://gbnagar.nic.in पर उपलब्ध हैं। इनमें फॉर्म-6, 7 और 8 से संबंधित सूचियां (फॉर्म-9, 10, 11, 11ए एवं 11बी) शामिल हैं। उन्होंने बीएलओ को फॉर्म-6 भरते समय पूरा पता अंकित करने और हर प्रविष्टि की जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सबसे कम प्रपत्र प्राप्त करने वाले बीएलओ को चिह्नित कर 27 नवंबर को उनके कार्यों का संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थलीय सत्यापन कराने, लंबित ऑफलाइन प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटाइजेशन कराने तथा प्रतिदिन शाम 6 बजे तक रिपोर्ट लॉक करने के निर्देश दिए। ईआरओ-नेट के आंकड़ों और बीएलओ से प्राप्त सूचनाओं का नियमित मिलान कर विसंगतियां दूर करने को भी कहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सहायकों, ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और कोटेदारों का सहयोग लेने तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निगम कर्मचारियों के माध्यम से सोसायटियों और बहुमंजिला परिसरों में संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को फॉर्म-6 भरने की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
28 और 29 नवंबर के विशेष अभियान दिवसों के लिए समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित कर हर दो घंटे में बीएलओ की उपस्थिति, लोकेशन और कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने मैदानी कर्मियों को आवश्यक सहयोग और प्रोत्साहन देने की बात कही।राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव रखे। मंडलायुक्त ने उन्हें गंभीरता से सुना और आपसी समन्वय पर बल दिया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्देशों के प्रभावी अनुपालन का आश्वासन दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी भूलेख अरूण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, डिप्टी कलेक्टर/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह सहित समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *