-आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना पर जताई चिंता
नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
हाई-टेक सिटी नोएडा में आवारा और आक्रामक कुत्तों का खतरा बढ़ता जा रहा है। शनिवार को सेक्टर 108 स्थित सेंट्रल पार्क में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जब सेक्टर निवासी दीप सिंह (डी-191) के मात्र 3 वर्षीय बच्चे पर एक कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बच्चे के चेहरे पर गहरे घाव हो गए। गंभीर हालत में उसे सेक्टर 128 स्थित मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने करीब 10 घंटे तक इलाज कर उसकी जान बचाई।
इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए आरडब्ल्यूए सेक्टर 105 के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने शासन, जिला प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि नोएडा के कई सेक्टरों में कुछ लोग खतरनाक प्रजाति के कुत्तों को बिना मजल (मुंह पर जाली) के सार्वजनिक सड़कों और बच्चों के पार्कों में खुलेआम घुमा रहे हैं। यह माननीय सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों की खुली अवहेलना है।
कृष्णात्रेय ने नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों की नसबंदी और नियंत्रण के नाम पर प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं, फिर भी उनकी संख्या घटने के बजाय बढ़ रही है। अब तक इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।
उन्होंने डॉग प्रेमियों से भी अपील की कि आवासीय क्षेत्रों, पार्कों और घरों के आसपास आवारा कुत्तों को भोजन न खिलाएं, ताकि वे आक्रामक होकर समूह न बनाएं। उनका कहना है कि बच्चों और निवासियों की सुरक्षा सबसे ऊपर होनी चाहिए।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष की प्रमुख मांगें
- सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक प्रजाति के कुत्तों को बिना मजल घुमाने वालों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार सख्त कार्रवाई हो।
- नसबंदी और टीकाकरण पर खर्च हुए करोड़ों रुपये के बजट की उच्चस्तरीय जांच हो और जवाबदेही तय की जाए।
- आक्रामक आवारा कुत्तों को आवासीय सेक्टरों और पार्कों से हटाकर शहर के बाहर बने स्थायी डॉग शेल्टर होम में भेजा जाए।
- सेक्टर 108 के पीड़ित बच्चे के परिवार को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता और पूरा चिकित्सा व्यय दिया जाए।
दिव्य कृष्णात्रेय ने विश्वास जताया कि संवेदनशील शासन और प्रशासन जल्द ही इस समस्या का ठोस और स्थायी समाधान निकालेगा, ताकि नोएडा के बच्चे और नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।
