-सीटू ने नुक्कड़ सभाओं से किया शंखनाद, मजदूर विरोधी लेबर कोड रद्द करने सहित कई मांगों को लेकर होगा संसद मार्च
नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) के राष्ट्रीय आह्वान पर 1 से 3 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान से होने वाले संसद मार्च को सफल बनाने के लिए सीटू जिला कमेटी गौतमबुद्धनगर ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।शनिवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर मजदूरों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई।
फेस-2 नोएडा चौराहे पर आयोजित सभा को सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा और राम स्वारथ ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 1 दिसंबर को सुबह 10 बजे तक रामलीला मैदान पहुंचना है। गंगेश्वर दत्त शर्मा ने बताया कि जिला में दर्जनों नुक्कड़ सभाओं, नुक्कड़ नाटकों और गेट मीटिंगों के माध्यम से मजदूरों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा से हजारों मजदूर रैली में शामिल होंगे।
मुख्य मांगें
सीटू ने जीने लायक न्यूनतम वेतन, ठेकेदारी प्रथा का खात्मा, डबल ओवरटाइम, 8 घंटे की ड्यूटी, महिलाओं को समान वेतन, सुरक्षा और क्रेच की सुविधा, रेहड़ी-पटरी कामगारों को 2014 के पथ विक्रेता कानून के अनुसार वेंडिंग लाइसेंस, भवन निर्माण बोर्ड में आसान रजिस्ट्रेशन और सभी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की है।
इसके साथ ही टेंपो, ई-रिक्शा चालक और घरेलू कामगारों समेत असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा तथा मजदूर विरोधी लेबर कोडों को रद्द करने की मांग भी शामिल है।मजदूर नेताओं के अनुसार, मजदूरों ने बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने का आश्वासन दिया है।
