ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर सख्ती, 100 उल्लंघनकर्ताओं पर 5.28 करोड़ का जुर्माना

ग्रेटर नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
शहर में वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. बलकार सिंह की समीक्षा बैठक में अगले दो महीने तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान प्रदूषण और ग्रेप नियमों का उल्लंघन करने वाले 100 लोगों पर कुल 5.28 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ग्रेटर नोएडा में 11 हॉटस्पॉट चिह्नित किए हैं। इनमें गौड़ चौक अंडरपास, मकौड़ा गोलचक्कर, तिलपता गोलचक्कर, एसीई गोलचक्कर से 130 मीटर रोड और सीआरपीएफ कैंप से फेज-दो नोएडा रोड समेत अन्य स्थान शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सड़क की धूल, टूटी सड़कें और निर्माण कार्य प्रदूषण के प्रमुख कारण बताए गए हैं। इन सभी स्थानों पर नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण और कार्रवाई की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राधिकरण के अनुसार, प्रदूषण नियंत्रण के लिए 21 टीमें गठित की गई हैं। धूल प्रभावित सड़कों और स्थानों पर 107 वाटर टैंकर तथा 32 ट्रक व एंटी स्मॉग गन से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसके अलावा 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की नियमित सफाई कराई जा रही है। निर्माणाधीन स्थलों पर 247 एंटी स्मॉग गन भी लगाई गई हैं। सभी निर्माण स्थलों पर नियमित निरीक्षण, प्रॉपर बैरिकेडिंग और व्हील वॉशिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जुर्माने का ब्योरा देते हुए बताया गया कि वर्ष 2026 में निर्माण कार्यों से जुड़े 36 मामलों में 48.10 लाख रुपये, आरएमसी प्लांट के 48 मामलों में 4.65 करोड़ रुपये, कूड़ा जलाने के तीन मामलों में 2.25 लाख रुपये और अन्य 13 मामलों में 12.70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। डॉ. बलकार सिंह ने जुर्माने की वसूली सुनिश्चित करने और भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ आरसी जारी करने के निर्देश दिए हैं।
शहर में 56 जीवीपी (कूड़ा जमा होने वाले) स्थल चिह्नित किए गए हैं, जिनकी सफाई और सौंदर्यीकरण कराने के भी निर्देश दिए गए। साप्ताहिक बाजारों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में सफाई, कूड़ा निस्तारण, उद्यानिक कचरे से कंपोस्ट बनाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर लकड़ी के बजाय इलेक्ट्रिक या गैस हीटर की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया है।
बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव, एसीईओ नूपुर गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डॉ. बलकार सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के उपायों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *