गौतमबुद्धनगर में 28-29 नवंबर को विशेष मतदाता सूची अभियान, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ

नोएडा। नोएडा खबर डॉट कॉम।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जनपद में 28 और 29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ और पदाभिहित अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने मतदेय स्थलों पर मौजूद रहेंगे।
डिप्टी कलेक्टर/प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश द्वारा दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में चार विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इनमें 21 और 22 नवंबर के बाद अब 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) शामिल हैं।
इन तिथियों को जनपद के 61-नोएडा, 62-दादरी और 63-जेवर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी बीएलओ तथा पदाभिहित अधिकारी मतदेय स्थलों पर मौजूद रहेंगे। जिन पात्र नागरिकों का नाम 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, वे अपने मतदेय स्थल पर जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर बीएलओ को जमा करा सकते हैं। मृतक, डुप्लीकेट या स्थायी रूप से शिफ्ट हो चुके मतदाताओं के परिजन फॉर्म-7 जमा करा सकते हैं। मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों के शुद्धिकरण और शिफ्टिंग के लिए फॉर्म-8 भी भरा जा सकता है।ये सभी फॉर्म ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं। इसके लिए ECINET मोबाइल ऐप और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर सुविधा उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *