नई दिल्ली,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
छठ महापर्व के पावन अवसर पर नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने मंगलवार सुबह दिल्ली स्थित अपने आवास पर पूरे परिवार के साथ श्रद्धापूर्वक सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने उगते सूर्य (उदयाचल) और डूबते सूर्य (अस्ताचल) दोनों को नमन किया तथा सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और लोककल्याण की कामना की।
विधायक पंकज सिंह ने कहा, “छठ महापर्व आस्था, संयम और आत्मबल का अनुपम संगम है। यह हमें सिखाता है कि जीवन की हर चुनौती में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। सूर्य का अस्त होना और फिर उदय होना यही संदेश देता है कि यदि आज कोई अंधेरा है, तो कल प्रकाश निश्चित रूप से आएगा।”उन्होंने आगे कहा कि छठ पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और जीवन में अनुशासन का भी संदेश देता है। “यह महापर्व लोगों को जोड़ता है, उत्साह और श्रद्धा से भर देता है। अगले वर्ष छठ के आगमन की हम सभी बेसब्री से प्रतीक्षा करेंगे,” सिंह ने कहा।
इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्यों के अलावा स्थानीय श्रद्धालु और समर्थक भी मौजूद रहे। नोएडा क्षेत्र में भी छठ घाटों पर बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
![]()
