नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
राज्य कर विभाग, गौतमबुद्ध नगर जोन ने कर चोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जनपद में दर्जनों फर्जी और बोगस फर्मों पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच में कुल 80 फर्में (20 राज्य क्षेत्राधिकार और 60 केंद्र क्षेत्राधिकार में पंजीकृत) बोगस पाई गईं, जिन्होंने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जीएसटी पंजीकरण हासिल किया था।
उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर, नोएडा ने बताया कि इन बोगस फर्मों ने कुल 1027 अन्य फर्मों को 637 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) पास-ऑन की थी। इनमें से 455 फर्में उत्तर प्रदेश में और 574 फर्में अन्य राज्यों में पंजीकृत थीं। विभाग ने इन फर्जी ITC में से 78.27 करोड़ रुपये को ब्लॉक कर दिया है और बोगस फर्मों पर कुल 1788.99 करोड़ रुपये की मांग सृजित की गई है।
चेन एनालिसिस के माध्यम से वास्तविक लाभार्थियों की पहचान की गई और उनके संबंधित कर निर्धारण अधिकारियों को सूचना भेजी गई। ऐसे मामलों में अब तक 162.89 करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग भी लगाई जा चुकी है।शासन की ‘करापवंचन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत विभाग ने मास्टरमाइंड्स की तलाश में तेजी लाई है। इन बोगस फर्मों के पीछे सक्रिय व्यक्तियों के खिलाफ सभी मामलों में पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
अब तक इस सिलसिले में 9 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।यह कार्रवाई जीएसटी सिस्टम में फर्जीवाड़े को रोकने और राजस्व सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
![]()
