नोएडा पुलिस ने जीएसटी चोरी के बड़े गिरोह का एक वांछित सदस्य गिरफ्तार किया, 1.74 करोड़ रुपये की फर्जी इनवॉइस से की थी चोरी

नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
CRT (क्राइम रिस्पॉन्स टीम) और थाना सेक्टर-58, नोएडा पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से फर्जी फर्मों के जरिए 1 करोड़ 74 लाख 11 हजार 987 रुपये की जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन गुप्ता पुत्र राकेश गुप्ता के रूप में हुई है, जो तुगलकाबाद एक्सटेंशन, थाना गोविंदपुरी, नई दिल्ली का निवासी है और उम्र करीब 25 वर्ष है।अभियुक्त को छोटा डी पार्क, सेक्टर-62, नोएडा से पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक आईफोन मोबाइल फोन, एक टैबलेट, दो फर्जी आधार कार्ड और बोगस कंपनी रजिस्ट्रेशन से संबंधित कई कागजात बरामद हुए हैं।

मामले का विवरण
पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसके साथियों ने मेसर्स के0एस0 इंटर प्राइसेज के नाम से जीएसटी पोर्टल पर फर्जी रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद उन्होंने आलम इंटरप्राइजेज, के0एस0 इंटरप्राइजेज, सीपी ट्रेडर्स और ट्रेडियोग्राफी जैसी फर्जी फर्में बनाईं। वर्ष 2024-25 में इन फर्मों के जरिए बिना किसी वास्तविक खरीद-फरोख्त के बोगस आईजीएसटी क्लेम किया गया। फर्जी इनवॉइस जारी कर इनवर्ड और आउटवर्ड सप्लाई दिखाई गई।

बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) क्लेम कर जीएसटी विभाग से अवैध लाभ उठाया गया।
फर्मों के बीच सर्कुलर ट्रेडिंग कर फर्जी दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया गया।

इस संबंध में राज्यकर अधिकारी (खंड-9, नोएडा) ने 25 अक्टूबर 2025 को थाना सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज कराया था (मु.अ.सं0-387/2025)। आरोपियों पर धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

अभियुक्त रोहन गुप्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी कागजात तैयार किए, फर्मों को जीएसटी में रजिस्टर्ड कराया और बोगस सप्लाई दिखाकर आईटीसी क्लेम किया। पुलिस अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।यह कार्रवाई नोएडा पुलिस की जीएसटी फ्रॉड के खिलाफ चल रही सतत मुहिम का हिस्सा है, जो फर्जी फर्मों और बोगस इनवॉइस से सरकारी राजस्व को होने वाले नुकसान को रोकने में महत्वपूर्ण है। जांच जारी है और आगे की गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *