गौतमबुद्धनगर में पर्यटन के साथ समाज सेवा जोड़ने की अनोखी पहल, जिलाधिकारी ने दी मंजूरी
गौतमबुद्ध नगर जिले की नई वोटर लिस्ट 10 अप्रैल से एक सप्ताह तक सभी पोलिंग बूथों पर रहेगी उपलब्ध
ब्रेकिंग न्यूज़: मनमानी फीस वसूली पर लगाम ! गौतमबुद्ध नगर में निजी स्कूलों के लिए सख्त नियम, 5 लाख तक जुर्माना-मान्यता रद्द होने का खतरा
दिल्ली में इंडिया रबर एक्सपो 2026 का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फीता काटा, एशिया के सबसे बड़े रबर उद्योग प्रदर्शनी का आगाज
ब्रेकिंग न्यूज़: दादरी में अवैध गैस रिफिलिंग का धंधा: घरेलू सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरते पकड़ा गया आरोपी, 15 सिलेंडर बरामद

गौतमबुद्धनगर में पर्यटन के साथ समाज सेवा जोड़ने की अनोखी पहल, जिलाधिकारी ने दी मंजूरी

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रुपम की अध्यक्षता में विकसित उत्तर प्रदेश समर्थ उत्तर प्रदेश @2047 अभियान के अंतर्गत जनपद में चयनित तीन सर्वश्रेष्ठ सुझावों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद गौतम बुद्ध नगर के लिए तीन प्रमुख सेक्टरों के सुझावों को अनुमोदन प्राप्त हुआ है, जिनमें (1) सांस्कृतिक पर्यटन एवं सेवा आदान-प्रदान कार्यक्रम, (2) आईटी एवं इमर्जिंग टेक्नोलॉजी तथा (3) इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (ट्रांसपोर्ट, सिविल एविएशन, पब्लिक वर्क एवं ऊर्जा) शामिल हैं।इन तीनों क्षेत्रों में जनपद के समग्र एवं संतुलित विकास की अपार संभावनाएं बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इन सुझावों को योजनाबद्ध तरीके से क्रियान्वित कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

पर्यटन के साथ सेवा भावना को जोड़ने वाली अनोखी पहल

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सांस्कृतिक पर्यटन एवं सेवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत एक अभिनव पहल पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि पर्यटकों के लिए ऐसा कार्यक्रम विकसित किया जाए जिसमें देशी-विदेशी पर्यटक पर्यटन भ्रमण के साथ-साथ एक दिन समाज सेवा की गतिविधियों में भी भाग ले सकें।इसके अंतर्गत पर्यटक गांव के बच्चों को पढ़ाने, अनाथ आश्रम एवं वृद्धाश्रम में सेवा, ऐतिहासिक स्थलों की साफ-सफाई, स्थानीय कारीगरों की मदद या वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों में शामिल हो सकेंगे।

“serve and see India” ऑनलाइन मंच बनेगा

जिलाधिकारी ने इस योजना के क्रियान्वयन के लिए “serve and see India” नाम से एक ऑनलाइन मंच विकसित करने के निर्देश दिए। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से पर्यटक अपने भ्रमण क्षेत्र में उपलब्ध किसी सामाजिक या सांस्कृतिक सेवा गतिविधि का चयन कर सकेंगे। स्थानीय गैर सरकारी संगठनों और सांस्कृतिक संस्थानों की सहभागिता से पर्यटकों को मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल से जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय समुदाय को आर्थिक एवं सामाजिक लाभ प्राप्त होगा तथा भारत की सेवा भावना और “अतिथि देवो भव:” की परंपरा को वैश्विक स्तर पर मजबूती से प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी चयनित सुझावों के लिए विस्तृत, परिणामोन्मुख कार्ययोजना तैयार करने और समयबद्ध तरीके से उनके क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिला अधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, अपर जिला अधिकारी (भू अर्जन) बच्चू सिंह,जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार,जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत, ओएसडी ग्रेटर नोएडा एन के सिंह साथ ही अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *