इस्कॉन नोएडा में भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव, 4 सितंबर को मुख्य उत्सव; शोभा यात्रा 23 अगस्त से

नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)

भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इस्कॉन नोएडा इस वर्ष भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव का आयोजन कर रहा है। मुख्य महोत्सव शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को इस्कॉन नोएडा के प्रमुख मंदिर में होगा। इस वर्ष मुख्य मंदिर के साथ-साथ सेक्टर-151 एक्सप्रेसवे, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी और जेवर में भी उत्सव मनाया जाएगा। इस पावन अवसर को जन-जन तक पहुंचाने तथा सभी को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने का मौका देने के लिए विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह जानकारी इस्कॉन नोएडा व गोविंद धाम एवं भक्तिवेदांत एकेडमी के प्रमुख बंशीधर दास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों का भी ब्यौरा दिया। बंशीधर दास के अनुसार रविवार, 23 अगस्त 2026 को सायं 3:30 बजे सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारे से भव्य शोभा यात्रा शुरू होगी। यात्रा अट्टा मार्केट, सब मॉल, डी.एम. चौक, स्टेडियम, चौड़ा चौक एवं एडोब चौक होते हुए सायं 6:30 बजे इस्कॉन नोएडा मंदिर पहुंचेगी। पूरे मार्ग में भक्तों के विभिन्न समूह हरिनाम संकीर्तन करेंगे।

श्री श्री कृष्ण-बलराम के सुंदर एवं भव्य रूप से सुसज्जित विग्रह यात्रा की अगुवाई करेंगे। यात्रा के दौरान प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंदिर पहुंचने पर सायं 6:30 बजे सभी को डिनर प्रसाद वितरित किया जाएगा। लगभग 1,500 भक्तों के शामिल होने की आशा है। इस शोभा यात्रा का मुख्य उद्देश्य नोएडा एवं आसपास के निवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में इस्कॉन नोएडा आने के लिए सादर आमंत्रित करना है।

झूलन यात्रा — 23 से 28 अगस्त 2026
झूलन यात्रा रविवार 23 अगस्त से शुक्रवार 28 अगस्त (बलराम जयंती) तक चलेगी। वर्षा ऋतु में भक्त भगवान श्री राधा-कृष्ण को सुंदर झूले पर विराजमान कर झूला झुलाते हैं। यह प्रेम एवं भक्ति की अभिव्यक्ति है। इस्कॉन नोएडा के भक्त विशेष झूला तैयार कर रहे हैं, जिसे सजावटी सामग्रियों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। प्रतिदिन लगभग 2,000 श्रद्धालुओं के दर्शन एवं झूलन में शामिल होने की उम्मीद है। सभी नोएडा वासी इसमें शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं।

बलराम पूर्णिमा — 28 अगस्त 2026
भगवान श्री बलराम का जन्मोत्सव शुक्रवार 28 अगस्त को प्रातः 11 बजे से श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में भजन, कीर्तन, विशेष अभिषेक, आध्यात्मिक प्रवचन और भरपेट प्रसादम की व्यवस्था रहेगी। भगवान का पंचगव्य (दूध, दही, शहद, घी, फलों के रस) एवं पुष्पों से अभिषेक किया जाएगा। संध्या समय मटकी फोड़ उत्सव भी होगा। लगभग 1,500 श्रद्धालुओं के शामिल होने की आशा है।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी — 4 सितंबर 2026
शुक्रवार 4 सितंबर को इस्कॉन नोएडा मंदिर में अत्यंत भव्य वातावरण में जन्माष्टमी मनाई जाएगी। भक्त पिछले चार माह से तैयारी में जुटे हैं। मंदिर परिसर की सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक सजावट हो रही है। भगवान के लिए विशेष भोग सामग्री एकत्र की जा रही है तथा विशेष पोशाक तैयार की जा रही है। पूरे परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया जाएगा। भगवान का विशेष अभिषेक होगा तथा 251 से अधिक प्रकार के देशी-विदेशी व्यंजन (खीर, हलवा, सब्जियां, स्नैक्स, केक आदि) अर्पित किए जाएंगे। दर्शन प्रातः 4:30 बजे से रात्रि 12 बजे तक खुले रहेंगे। पूरे दिन हरिनाम संकीर्तन और प्रसादम वितरण होगा। एडोब चौक, सेक्टर-25 के पास जनसामान्य पार्किंग तथा विशेष निमंत्रण पत्रधारियों के लिए नोएडा हाट के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इस वर्ष देश-विदेश से आने वाले भक्तों सहित लगभग 5 लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था के लिए नोएडा पुलिस की पूरी टीम सहयोग कर रही है। हजारों भक्त सेवादार के रूप में सेवा देंगे। वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं से विशेष अनुरोध है कि वे अत्यधिक भीड़ से बचें और भगवान के दर्शन इस्कॉन नोएडा के यूट्यूब चैनल के माध्यम से ऑनलाइन करें।

श्रील प्रभुपाद आविर्भाव तिथि महामहोत्सव — 5 सितंबर 2026
शनिवार 5 सितंबर को इस्कॉन के संस्थापकाचार्य श्रील ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद का जन्मोत्सव प्रातः 10 बजे से मनाया जाएगा। भजन, कीर्तन और प्रसादम वितरण होगा। वर्ष 1896 में कलकत्ता (अब कोलकाता) में जन्मे श्रील प्रभुपाद ने गुरु महाराज की आज्ञा का पालन करते हुए अमेरिका जाकर अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ की स्थापना की। उन्होंने अपने जीवन के अंतिम वर्षों में 11 वर्षों में विश्व की 14 बार परिक्रमा कर कृष्ण भक्ति का संदेश पहुंचाया। उनके अनुयायी आज भी विश्वभर में कृष्णभावनामृत का प्रचार कर रहे हैं। लगभग 2,000 भक्तों के शामिल होने की आशा है।

श्री राधाष्टमी — 19 सितंबर 2026
शनिवार 19 सितंबर को श्रीमती राधारानी का जन्मोत्सव दोपहर 12 बजे से भव्य रूप से मनाया जाएगा। भजन, कीर्तन, विशेष अभिषेक और प्रसादम की व्यवस्था रहेगी। श्री श्री राधा-कृष्ण युगल जोड़ी के लिए नई विशेष पोशाक तैयार की जा रही है। पंचगव्य एवं पुष्पों से अभिषेक के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसादम वितरित किया जाएगा। लगभग 3,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। इस्कॉन नोएडा सभी नोएडा वासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को सपरिवार इन पावन उत्सवों में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित करता है। इन उत्सवों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण, श्री बलराम, श्री राधारानी एवं श्रील प्रभुपाद की भक्ति, सेवा, कीर्तन और दर्शन का पावन अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *