ग्रेटर नोएडा: माय वॉक, माय राइट्स” आंदोलन फिर जीवित, गौर सिटी स्टेडियम और पेड़ों की रक्षा के लिए विरोध प्रदर्शन

ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर शनिवार को बड़ी संख्या में निवासियों ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के पहुँचने के बाद वॉकर्स के लिए गेट अस्थायी रूप से खोल दिया गया।

निवासियों का कहना है कि वे इसी टाउनशिप के रहने वाले हैं और स्टेडियम पर उनका वैध अधिकार है।गेट खुलने के बाद अंदर पहुँचे लोगों ने देखा कि ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निर्माण की तैयारी चल रही है। कई जगहों पर विशाल आरसीसी पिलर्स के लिए गहरे गड्ढे खोदे जा चुके हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण वाली जगह के कई पुराने पेड़ पहले ही काटे जा चुके हैं और बाकी पेड़ों के भी जल्द काटे जाने की आशंका है।निवासियों का सवाल है कि 35 प्रतिशत नॉन-एफएआर ग्रीन बेल्ट में यह निर्माण किसकी अनुमति से हो रहा है और क्या जरूरी स्वीकृतियाँ ली गई हैं। जब उन्होंने घर खरीदे थे, तब उन्हें इसी स्टेडियम और खुले हरित क्षेत्र का सपना दिखाया गया था।

वर्ष 2016 में शुरू हुआ “माय वॉक, माय राइट्स” अभियान आज पुराने साथियों और सैकड़ों निवासियों के साथ फिर जीवित हो गया है। अब यह सिर्फ वॉकिंग के अधिकार की नहीं, बल्कि पुराने पेड़ों, सार्वजनिक हरित क्षेत्र और पर्यावरण को बचाने की लड़ाई भी बन गई है।निवासियों ने साफ कहा कि आज गेट खुलना सिर्फ अस्थायी राहत है। अगर फिर से प्रवेश रोका गया या ग्रीन बेल्ट में कथित अवैध निर्माण जारी रहा, तो वे प्रशासन, प्राधिकरण और वन विभाग के सामने मुद्दा मजबूती से उठाएँगे।उनकी मुख्य माँगें हैं—ग्रीन बेल्ट और 35 प्रतिशत नॉन-एफएआर क्षेत्र में चल रहे निर्माण की जाँच, भूमि का सीमांकन और स्वीकृतियों का सत्यापन, पुराने पेड़ों की सुरक्षा तथा गौर स्टेडियम में सभी निवासियों के लिए स्थायी और बिना रुकावट प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।

गौतम बुद्ध नगर विकास समिति के सचिव अनूप कुमार सोनी ने कहा, “एक पेड़ बनने में सालों लगते हैं, लेकिन उसे काटने में कुछ मिनट। हम अपने पेड़ों, हरित क्षेत्र और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। जरूरत पड़ी तो जनहित और पर्यावरण की रक्षा के लिए यह आवाज आगे भी उठती रहेगी।”

प्रदर्शन में अनीता प्रजापति, ज्ञानेश शर्मा, अमरजीत राठौर, योगेश भौगोर, मुकेश पाल, नेहा सिंगला, एच.के. भारद्वाज समेत बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *