नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
नोएडा के सेक्टर 110 निवासी एवं भाजपा सदस्य पुष्कर राज चांदना ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को एक औपचारिक पत्र लिखकर यू.पी. ब्रिज कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित लगभग 5.5 किलोमीटर लंबे भंगेल एलिवेटेड रोड की खराब स्थिति की ओर गंभीर ध्यान आकर्षित किया है। खास बात यह है कि इस एलिवेटेड रोड को शुरू हुए मात्र 7-8 महीने ही हुए हैं।
भाजपा नेता द्वारा भेजे पत्र में कहा गया है कि इस पूरे मार्ग पर वाहन चालकों को लगातार अत्यधिक झटकेदार और असुविधाजनक सवारी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य अत्यंत निराशाजनक और घटिया स्तर का है, जिससे यात्रियों को गंभीर असुविधा हो रही है तथा दैनिक यातायात के लिए सुरक्षा का बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
पुष्कर राज चांदना ने कहा है कि प्राधिकरण इस मामले पर तत्काल संज्ञान ले, सीनियर मैनेजर (WC 8) को मार्ग का निरीक्षण करने के निर्देश दे तथा उपयुक्त एडवाइजरी जारी करे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संबंधित टीमों और निर्माण एजेंसी को सड़क की तुरंत मरम्मत कराने के निर्देश दिए जाएंगे, जिससे यात्रियों का अनुभव सुधरे और निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
