नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना सेक्टर-113 परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार पुलिस उपायुक्त नोएडा साद मियां खान के मार्गदर्शन में अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा मनीषा सिंह ने यह बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य व सम्भ्रांत नागरिकों के साथ-साथ कांवड़ समिति के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने, पुलिस-प्रशासन को पूरा सहयोग देने तथा किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना पर ध्यान न देने की अपील की गई। साथ ही ऐसी सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी देने पर जोर दिया गया। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
थाना प्रभारी सेक्टर-113 को कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत रखने, पीसीआर व पीआरवी वाहनों को लगातार गश्त पर रखने, संवेदनशील स्थलों और कांवड़ मार्गों पर कड़ी निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
