नई दिल्ली, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का पहला तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) स्टेशन कांकोर के मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, दादरी (गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश) में शुरू किया है। यह स्टेशन लंबी दूरी के मालवाहक ट्रकों को स्वच्छ ईंधन देने और प्रदूषण कम करने की दिशा में बड़ा कदम है।
स्टेशन का उद्घाटन कांकोर के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय स्वरूप ने किया। इस मौके पर कांकोर के निदेशक (अंतरराष्ट्रीय विपणन एवं संचालन) विजय कुमार सिंह, आईजीएल के प्रबंध निदेशक कुमार शंकर, निदेशक (वाणिज्यिक) मोहित भाटिया और दोनों कंपनियों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह स्टेशन करीब 11.8 करोड़ रुपये की लागत से कंपनी ओन्ड कंपनी ऑपरेटेड (सीओसीओ) मॉडल पर लगभग 4200 वर्ग मीटर जगह पर बनाया गया है। इसमें 56.8 किलोलीटर (करीब 22 मीट्रिक टन) क्षमता का एलएनजी टैंक, 150 लीटर प्रति मिनट का डिस्पेंसर और 100 एससीएमएच क्षमता का वेपोराइजर लगाया गया है।
स्टेशन रोजाना 50 से 60 लंबे रूट वाले ट्रकों को ईंधन भर सकता है। एक दिन में अधिकतम 20 मीट्रिक टन एलएनजी दिया जा सकता है। गैस दहेज (गुजरात) से लाई जाती है।सरकार प्राकृतिक गैस का इस्तेमाल बढ़ाने, डीजल-पेट्रोल पर निर्भरता घटाने और प्रदूषण कम करने पर जोर दे रही है। एलएनजी में ऊर्जा ज्यादा होती है, गाड़ी ज्यादा दूर तक चलती है और धुआं भी कम निकलता है। इसलिए लंबी दूरी के ट्रकों के लिए यह अच्छा और सस्ता विकल्प है।
