
नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट के निकट हेलीपैड ग्राउंड में भारत विकास परिषद, नोएडा की ओर से चल रही श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन पंडाल भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। कथा व्यास आचार्य मृदुल कांत शास्त्री जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महात्म्य के साथ अजामिल उपाख्यान और भगवान नरसिंह अवतार की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सपरिवार पहुँचे।
आचार्य श्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और सदाचार की राह दिखाने वाला दिव्य मार्ग है। अजामिल प्रसंग से उन्होंने बताया कि भगवान का नाम जीवन के अंतिम क्षणों में भी मनुष्य का कल्याण कर सकता है। नरसिंह अवतार का वर्णन करते हुए उन्होंने भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति और भगवान की भक्तवत्सलता का संदेश दिया।पितृ पक्ष के महत्व पर उन्होंने कहा कि इस अवधि में भगवान का स्मरण, भागवत कथा का श्रवण और पितरों का श्रद्धापूर्वक स्मरण विशेष फलदायी माना गया है। पंडाल “जय श्री राधे”, “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” और “जय गोपी चित्तचोर प्रभु” के जयघोष से गूँजता रहा।
मुख्य अतिथि स्वामी बालक योगेश्वर दास महाराज बद्रीनाथ, आचार्य स्वामी बालमुकुंदाचार्य जी महाराज, विधायक हाथोज धाम जयपुर तथा उप मुख्य अतिथि स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज और सुदर्शन चैनल के सीएमडी सुरेश चौहान मौजूद रहे।
संतों ने व्यास पीठ का नमन कर आशीर्वाद दिया। गोपाल कृष्ण अग्रवाल और मधुसूदन दादू ने आचार्य का माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। मुख्य यजमान डॉ. वी.के. गुप्ता और श्रीमती रीना गुप्ता रहे।भारत विकास परिषद, नोएडा के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा और स्वच्छता की व्यवस्था है। कथा के बाद प्रतिदिन भंडारा और प्रसाद भी दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में सचिव अखिलेश भदौरिया, कोषाध्यक्ष अक्षय पारीक, महिला सहभागिता संयोजिका सुनीता मित्तल, पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक डॉ. टी.एन. गोविल, शाखा संरक्षक प्रताप मेहता, सीए महेश बाबू गुप्ता, विपिन मल्हन, केशव गंगल, एन.के. अग्रवाल, रामरतन शर्मा, राकेश कत्याल, पंकज जिंदल और मुकुल वाजपेयी सहित परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
