नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने जानकारी दी है कि कोविड महामारी के दौरान कोविड-19, ईसीआरपी-1 तथा विभिन्न वित्तीय स्रोतों से कार्यरत अस्थायी, अल्पकालिक, संविदा और आउटसोर्स कर्मियों से पुनः कार्य लिये जाने के संबंध में दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं।
जनपद गौतमबुद्ध नगर में कोविड काल में कार्यरत रहे वे कोविड कर्मी, जो अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम (एएमएस ऐप) पर पंजीकृत या अपंजीकृत हैं, उनके दस्तावेजों का सत्यापन सीएमओ कार्यालय में किया जाएगा। सभी कोविड कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्वप्रमाणित दस्तावेज तीन दिनों के अंदर सत्यापन हेतु कार्यालय में जमा करें।
जमा किए जाने वाले दस्तावेजों में समस्त स्वप्रमाणित शैक्षिक प्रमाण पत्र एवं दो फोटोग्राफ, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक द्वारा प्रमाणित बैंक स्टेटमेंट (कार्य अवधि का), आउटसोर्स एजेंसी द्वारा जारी कोविड काल का नियुक्ति पत्र तथा सक्षम अधिकारी (सीएमओ/सीएमएस या अन्य) द्वारा निर्धारित प्रारूप पर जारी अनुभव प्रमाण पत्र शामिल हैं।
