हनुमान अंश की निर्माता अनुप्रिया नागर को वृंदावन में रामायणी सम्मान

वृंदावन,(नोएडा खबर डॉट कॉम)

बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित फिल्म हनुमान अंश की निर्माता अनुप्रिया नागर को रामायण रिसर्च काउंसिल द्वारा ‘रामायणी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। समारोह वृंदावन स्थित क्रिधा रेजीडेंसी होटल में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर बृज के वरिष्ठ संतों ने अनुप्रिया नागर को प्रशस्ति पत्र, श्रीराम की प्रतिमा, श्रीरामचरितमानस और अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदित किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वस्तिवाचन और 21 बटुकों द्वारा हनुमान चालीसा पाठ से हुई।

गौरतलब है कि बाबा नीम करोली ने 11 सितंबर 1973 को वृंदावन में महासमाधि ली थी। निर्माताओं का कहना है कि उन्हीं की प्रेरणा से हनुमान अंश का निर्माण संभव हुआ।अनुप्रिया नागर फिल्म की तीन निर्माताओं में से एक हैं। मात्र 21 वर्ष की आयु में उन्होंने फिल्म निर्माण में कदम रखा। उन्होंने इंग्लैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ बाथ से अर्थशास्त्र की शिक्षा प्राप्त की है।

रामायण रिसर्च काउंसिल के ट्रस्टी डॉ. देवदत्त शर्मा (सेवानिवृत्त आईएएस) ने कहा कि यह सम्मान किसी व्यक्ति मात्र का नहीं, बल्कि उन प्रयासों का अभिनंदन है जो भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाते हैं। उन्होंने अनुप्रिया के साहस और संकल्प की सराहना की।

सम्मान स्वीकार करते हुए अनुप्रिया नागर ने कहा कि यह उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। उनके अनुसार हनुमान अंश केवल फिल्म नहीं, बल्कि बाबा नीम करोली के प्रेम, सेवा और आध्यात्मिक संदेश को लोगों तक पहुँचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विषयों पर निष्ठापूर्वक कार्य करने की प्रेरणा देता है।

इससे पहले 19 अगस्त 2026 को काशी हिंदू विश्वविद्यालय में गोस्वामी तुलसीदास जयंती पर देश की 28 विभूतियों को रामायणी सम्मान दिया जा चुका है। उसी परंपरा के अंतर्गत अनुप्रिया नागर को यह सम्मान प्रदान किया गया।समारोह में अनुप्रिया के माता-पिता और दादी भी उपस्थित रहीं।

दिल्ली से शांतनु शुक्ला, मेरठ से संजय कुमार, बुलंदशहर से सुनील सिंह और आगरा से योगेश कुमार योगी सहित बृज के अनेक गणमान्य जन शामिल हुए।उपस्थित संतों में फूलडोल जी महाराज, स्वामी गोविंद तीर्थ जी, महामंडलेश्वर स्वामी चितप्रकाशनंद जी महाराज, शारदानंद जी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. आदित्यानंद जी महाराज, हेमकांत शरण जी महाराज, सुरेशानंद जी महाराज, संत दास जी महाराज, दशरथ दास जी महाराज, सुंदर दास जी महाराज, पंडित बाबा बरसाना, विमल चैतन्य जी महाराज, राज नारायण दुबे जी, स्वामी परमानंद जी महाराज, स्वामी चंद्र चेतन जी महाराज, पागल दास जी महाराज (निधिवन), राधा रमन दास जी, गिरिराज जी, आचार्य बद्रीश जी, आचार्य मनमोहन शास्त्री जी, गौरव गोस्वामी (नंदगाँव), सौरव गौर, आचार्य संतोष पांडे जी (मेहंदीपुर बालाजी) और योगेश शर्मा योगी जी प्रमुख रहे। संतों ने अनुप्रिया को आशीर्वाद दिया और फिल्म के माध्यम से संत परंपरा व भारतीय अध्यात्म के संदेश को व्यापक बनाने के प्रयास की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *