नोएडा: सांसद डॉ महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने नोएडा के सेक्टर-56 में सम्पवेल का लोकार्पण और सेक्टर-51 में शिलान्यास किया

नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
शहर में बढ़ते जनसंख्या घनत्व के मद्देनजर सीवेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को सेक्टर-56 में नवनिर्मित सम्पवेल का लोकार्पण तथा सेक्टर-51 में नए सम्पवेल का शिलान्यास किया गया।

इस समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री व गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी और महाप्रबंधक (जल) आर पी सिंह मौजूद रहे।

सेक्टर-56 के डी, एफ, जी ब्लॉक तथा जनता फ्लैट की सीवेज समस्या के निस्तारण हेतु बनाए गए इस सम्पवेल की क्षमता पांच एमएलडी है। इस पर 1.42 करोड़ रुपये की लागत आई है। यहां से निकलने वाला सीवेज पंपिंग स्टेशन-55 के माध्यम से सेक्टर-54 स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भेजा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे भविष्य में आबादी बढ़ने पर भी क्षेत्र में सीवेज जमाव की समस्या नहीं आएगी।

दूसरी ओर, सेक्टर-51 में प्रस्तावित सम्पवेल की क्षमता आठ एमएलडी रखी गई है। इसकी अनुमानित लागत 4.83 करोड़ रुपये है। इसके निर्माण के बाद सेक्टर-51 पार्ट-बी, केंद्रीय विहार, होशियारपुर तथा डी-11 व डी-10 नालों को एनजीटी के निर्देशानुसार इस सम्पवेल से जोड़ा जाएगा। इसके पश्चात सीवेज को एसटीपी-50 में शोधित कर निस्तारित किया जाएगा।

प्राधिकरण का दावा है कि दोनों परियोजनाओं से संबंधित इलाकों की सीवेज व्यवस्था सुदृढ़ होगी और शोधित जल का व्यवस्थित निस्तारण संभव हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *