नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
भारतीय किसान परिषद का धरना मंगलवार को पृथला ब्रिज के पास कामगार वर्ग को बिजली उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जारी रहा। राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में कामगार और महिलाएं धरना स्थल पर डटे रहे।
महिलाओं ने बड़ी संख्या में मोर्चा संभालते हुए कहा कि बच्चों को बिजली की सुविधा न मिलने से उनका भविष्य अंधकार में है। उन्होंने सरकार की नीति पर सवाल उठाए और कहा कि मूलभूत सुविधा मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। महिलाओं में बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता और रोष देखा गया।
संगठन का कहना है कि शहर की रोशनी एक घंटे रुक जाए तो पूरा शहर थम जाता है, लेकिन कामगार वर्ग अंधेरे में जीवन जीने को मजबूर है। सरकार को कमजोर और मजदूर वर्ग की व्यथा को मानवीय दृष्टिकोण से देखना चाहिए।
भारतीय किसान परिषद ने विचार-विमर्श के बाद जल्द बड़ा निर्णय लेने का संकेत दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा के निर्देश पर संगठन ने साफ कहा है कि कामगार वर्ग को बिजली का अधिकार दिलाने के लिए बड़ा कदम उठाया जाएगा और संघर्ष जारी रखा जाएगा।
