ग्रेटर नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
थाना कासना क्षेत्र के ग्राम लडपुरा में खड़े एक कैंटर के अंदर चालक की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत गाड़ी के अंदर दरवाजे और शीशे बंद कर सोते समय दम घुटने से हुई प्रतीत होती है।
पुलिस को डायल-112 पर सूचना मिली कि ग्राम लडपुरा में खड़े कैंटर में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कैंटर के दरवाजे अंदर से बंद मिले। इसके बाद फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया।
मृतक की पहचान कैंटर चालक पवन शर्मा, पुत्र चंद प्रकाश शर्मा, निवासी ऐचोरा, थाना अनूपशहर, जिला बुलंदशहर, उम्र करीब 37 वर्ष के रूप में हुई। परिजनों से जानकारी के अनुसार पवन शर्मा अलीगढ़ से गाजीपुर मंडी आलू की सप्लाई के लिए निकले थे।परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है। मौत का अंतिम कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
