नोएडा,(नोएडा खबर डॉट कॉम)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा, व्यवस्था, विदेशी मेहमानों की सुविधा और विभागों के बीच समन्वय पर सख्त निर्देश दिए। ट्रेड शो को प्रदेश की परंपरा, हुनर और उत्पादों का वैश्विक मंच तथा वोकल फॉर लोकल व मेक इन इंडिया का माध्यम बताया गया।इस चौथे संस्करण में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस सहित 6 भागीदार देश शामिल होंगे।
फिक्की और भारतीय मिशनों के सहयोग से 72 देशों व केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदार आने की संभावना बताई गई। 20 से अधिक उच्च-प्रभाव वाले नॉलेज सेशन भी होंगे। योगी ने विदेशी खरीदारों व प्रदर्शकों के लिए उचित आवास, उच्चायुक्तों के लिए लायजन ऑफिसर तथा गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय व तकनीकी विश्वविद्यालयों के छात्रों को वॉलिंटियर बनाने के निर्देश दिए।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से जोड़ने तथा मंत्रियों, उद्योगों और व्यापारिक प्रतिनिधियों की अतिरिक्त बैठकें कराने को कहा गया। टेक्निकल सेशन में प्रदेश के संबंधित मंत्रियों और प्रमुख सचिवों को बुलाने तथा नॉलेज सेशन में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
भागीदारी को पूरे प्रदेश तक फैलाने के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा के साथ अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्रों को शामिल करने पर जोर रहा। इसके लिए 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के स्लॉट तय किए गए हैं। इनमें कथक, पखावज-सितार, भोजपुरी व आल्हा गायन, राई और थारू जनजातीय नृत्य तथा स्टार म्यूजिकल नाइट्स शामिल हैं। ओडीओपी स्टॉल, स्थानीय कलाकारों और युवाओं की भूमिका बढ़ाने को कहा गया।भीड़ को देखते हुए यातायात, पार्किंग, परिवहन, स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन और पेयजल की व्यापक व्यवस्था पर बल दिया गया।
तीनों प्राधिकरणों को समन्वय करने, स्थल को प्लास्टिक-मुक्त रखने, प्रमुख जगहों पर सीसीटीवी और ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने के निर्देश हुए। सभी सरकारी विभागों को 23 सितंबर तक स्टॉल लगाने पूरे करने कहा गया। होर्डिंग, पोस्टर, दिशा-सूचक बोर्ड तथा टेलीकॉम कंपनियों से नेटवर्क व वाई-फाई मजबूत करने को भी कहा गया। सोशल मीडिया रील्स बनाते समय मर्यादा और सुरक्षा का पालन कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने मुख्यमंत्री को यातायात योजना की जानकारी दी। आने-जाने के मार्ग अपडेट किए गए हैं। फ्रिस्किंग, भीड़ प्रबंधन और प्रमुख द्वारों पर पर्याप्त बल तैनात किया जाएगा। पार्किंग और प्रदर्शनी स्थल के बीच 500 से अधिक ईवी शटल बसें चलेंगी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यूपीआईटीएस हेल्प काउंटर भी लगेगा।प्रचार अभियान मेट्रो, सिटी बस, मल्टीप्लेक्स, रेडियो और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चल रहा है। मेटा प्लेटफॉर्म पर 1.3 करोड़ से अधिक वीडियो व्यू बताए गए। सीएम फेलो, उद्यमी मित्र तथा विश्वविद्यालयों के युवा स्वयंसेवक मौके पर रहेंगे।
जिलाधिकारी मेधा रुपम ने बताया कि आरडब्ल्यूए, औद्योगिक संगठन, स्कूल-कॉलेज से बैठकें हो चुकी हैं। जेन-जी और स्कूली छात्रों के लिए डिजिटल रील चैलेंज, यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता और क्विज की योजना है।इस वर्ष की थीम ‘अद्वितीय सोर्सिंग का अद्भुत मंच’ है। ओडीओपी, वन डिस्ट्रिक्ट वन क्राफ्ट, सीएम युवा, एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स-आईटी, डिफेंस-एयरोस्पेस, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटो-ईवी, फार्मा-हेल्थकेयर, टेक्सटाइल-हथकरघा, निर्यातक, वेयरहाउसिंग-लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट और
पर्यटन-संस्कृति का प्रदर्शन होगा। भूतल और द्वितीय तल पर 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी स्थान पहले ही बुक हो चुका है।
पर्यटन-संस्कृति का प्रदर्शन होगा। भूतल और द्वितीय तल पर 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी स्थान पहले ही बुक हो चुका है।इस अवसर पर एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, लोक निर्माण राज्यमंत्री बृजेश सिंह, एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार, आयुक्त आलोक कुमार, एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी तथा प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
