ग्रेटर नोएडा: बिसरख थाने की टीम ने मुठभेड़ में दो चोरों को दबोचा, भारी मात्रा में आभूषण-नकद और अवैध तमंचा बरामद; एक आरोपी घायल

नोएडा, (नोएडा खबर डॉट कॉम)
कमिश्ररेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बिसरख की टीम द्वारा पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक आरोपी गोली लगने से घायल है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, नगद रुपये, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, अन्य उपकरण और अवैध शस्त्र बरामद हुए हैं।
यह जानकारी डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।डॉ. प्रवीण रंजन के अनुसार गुरुवार की रात थाना बिसरख पुलिस लोकल इंटेलिजेंस की सूचना पर रोजा गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान छपरौला रेलवे पुल की तरफ से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। पुलिस के रुकने के इशारे पर सवार ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की। पीछा करने पर रोजा याकूबपुर 6 प्रतिशत पार्क सर्विस रोड पर बदमाश मोटरसाइकिल से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागे। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
घायल आरोपी और साथी की पहचान
घायल आरोपी की पहचान जितेन्द्र उर्फ जीतू पुत्र कान्ता प्रसाद, निवासी ग्राम बरखैडा, थाना कुरावली, जिला मैनपुरी (वर्तमान पता ग्राम भूडा, थाना सेक्टर-39, नोएडा), उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा मय एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। कांबिंग के दौरान उसका साथी पिन्टू पुत्र महेशचंद्र, निवासी छतरपुर, थाना कुरावली, जिला मैनपुरी (वर्तमान पता जयविहार एक्सटेंशन, थाना रनौली, पश्चिमी दिल्ली), उम्र करीब 33 वर्ष को भी गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 27 अगस्त 2026 को सीएचसी बिसरख परिसर में एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर ज्वैलरी चोरी की थी, जिसके संबंध में थाना बिसरख पर मुकदमा संख्या 641/2026 धारा 305(ए) बीएनएस दर्ज है। इसके अलावा 13 अक्टूबर 2026 को ग्राम रोजा जलालपुर की एक कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर ज्वैलरी और नकदी चोरी की गई थी, जिसके संबंध में मुकदमा संख्या 781/2026 धारा 305(ए), 331(3), 317(2) बीएनएस दर्ज है।बरामदगी का विवरणआरोपियों के कब्जे से एक मंगल सूत्र (पीली धातु), एक जोड़ी ईयररिंग/झुमकी (पीली धातु), एक हार (पीली धातु), एक अंगूठी (पीली धातु), दो पायल (सफेद धातु), एक कमरबंद (सफेद धातु), चार कड़े (सफेद धातु), एक लेडीज घड़ी, 11,450 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UP16FQ9371), प्लॉस, पाना रिंच, हथौड़ा, दो छैनी और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
आपराधिक इतिहास
डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन ने बताया कि जितेन्द्र उर्फ जीतू पर दिल्ली, बुलंदशहर, हाथरस, कासगंज, एटा और गौतमबुद्धनगर समेत कई थानों में चोरी, डकैती, फायरिंग और आर्म्स एक्ट के दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पिन्टू पर भी थाना बिसरख के ताजा मुकदमों के अलावा मामले हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। डॉ. प्रवीण रंजन ने कहा कि कमिश्ररेट पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखेगी और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *